गोरखपुर में रेलवे ट्रैक किनारे मिला अधेड़ का शव: सिर पर चोट के निशान, पहचान में जुटी पुलिस

कैंट थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर रेलवे ट्रैक के किनारे एक अधेड़ व्यक्ति की बॉडी मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मोहद्दीपुर स्थित चार फाटक के पास करीब 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की बॉडी मिलने की सूचना पर कैंट पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान कराने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। वहीं, मौत के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक से कुछ दूरी पर एक व्यक्ति को मृत अवस्था में पड़ा देखा। सूचना मिलते ही कैंट पुलिस और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष आंकी गई है। उसने सफेद रंग की शर्ट पहन रखी थी। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
हर पहलू की जांच
प्रारंभिक जांच में बॉडी पर ट्रेन से कटने जैसे कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। हालांकि मृतक के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस आशंका जता रही है कि व्यक्ति की मौत ट्रेन से गिरने के कारण भी हो सकती है। लेकिन इसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है और सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मोर्चरी में सुरक्षित रखी बॉडी
पुलिस ने बॉडी की शिनाख्त कराने के लिए मृतक का फोटो आसपास के थानों और रेलवे स्टेशनों पर भेज दिया है। गुमशुदगी से संबंधित सूचनाएं भी जुटाई जा रही हैं। बॉडी को फिलहाल मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। यदि 72 घंटे के भीतर पहचान नहीं हो पाती है, तो नियमानुसार अज्ञात शव के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
सीसीटीवी फुटेज भी चेक कर रही पुलिस
कैंट क्षेत्राधिकारी आभा सिंह ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। इसके अलावा रेलवे ट्रैक के आसपास आने-जाने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना की परिस्थितियों और मृतक की पहचान के संबंध में कोई अहम सुराग मिल सके।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









