वियतनाम में चलती स्लीपर बस में लगी भीषण आग: 7 यात्रियों की मौत, वाहन जलकर खाक

7 यात्रियों की मौत, वाहन जलकर खाक

वियतनाम में मंगलवार तड़के यात्रियों से भरी एक स्लीपर बस में आग लगने से सात लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब पांच अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब बस लाम डोंग प्रांत से हो ची मिन्ह सिटी की ओर जा रही थी। आग इतनी तेजी से फैली कि कई यात्री बस के भीतर ही फंस गए। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाने के बाद बस से सात शव बरामद किए गए।

वियतनाम के सार्वजनिक सुरक्षा मंत्रालय के अनुसार, 24 सीटों वाली यह बस तड़के करीब 2:30 बजे हंग थिन्ह कम्यून क्षेत्र से गुजर रही थी। इसी दौरान बस मार्ग से भटककर हाईवे किनारे बने ऊंचे हिस्से से टकरा गई। पहली टक्कर के बाद भी बस आगे बढ़ती रही, लेकिन कुछ दूरी पर दूसरी बार टकराने के बाद उसके निचले हिस्से से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते पूरा यात्री केबिन आग की चपेट में आ गया।

बाहर निकलने का नहीं मिला मौका

चालक ने यात्रियों को तत्काल बस से बाहर निकलने के लिए कहा, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि कई लोग बाहर नहीं निकल सके। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में बस पूरी तरह आग की लपटों में घिरी दिखाई दे रही है। कुछ ही देर में वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

आधे घंटे में आग पर पाया गया काबू

आपातकालीन सेवाओं की टीमों ने करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। इसके बाद बस के मलबे से सात शव बरामद किए गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जिनमें से एक घायल को मामूली चोट आने के कारण उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है और हादसे की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।