दिनदहाड़े महिला को गोली मारकर फरार हुए बदमाश: बेटी के साथ जा रही थी काम पर, CCTV में कैद हुई फुटेज

शहर में रविवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। थाना रोरावर क्षेत्र के नीवरी मोड़ पर दो नकाबपोश बदमाशों ने एक महिला को उसकी बेटी के सामने गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। वारदात उस समय हुई जब महिला काम पर जाने के लिए घर से निकली थी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ी। जबकि उसकी बेटी मदद के लिए चीखती-चिल्लाती रही। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार 45 वर्षीय रानी रविवार को अपने घर से कारखाने में काम करने के लिए निकली थीं। उनके साथ उनकी बेटी रिहाना भी मौजूद थी। जैसे ही दोनों नीवरी मोड़ के पास पहुंचीं। तभी बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। जानकारी के अनुसार पीछे बैठे बदमाश ने चलते वाहन से ही महिला पर फायर झोंक दिया। गोली रानी की कमर में लगी, जिससे वह सड़क पर ही गिर पड़ीं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेजी से मौके से फरार हो गए।
आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। फुटेज में देखा जा सकता है कि महिला सड़क पर आगे बढ़ रही है। तभी पीछे से आए बाइक सवार हमलावर गोली चलाते हैं। गोली लगते ही महिला मुंह के बल सड़क पर गिर जाती है। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग उसकी मदद के लिए दौड़ पड़ते हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
बेटी ने बताई हमले की पूरी कहानी
घटना की प्रत्यक्षदर्शी बेटी रिहाना ने बताया कि उसकी मां खाना खाकर रोज की तरह कारखाने जा रही थीं। इसी दौरान सफेद शर्ट पहने और चेहरे पर कपड़ा बांधे दो युवक बुलेट मोटरसाइकिल से आए और बिना किसी बातचीत के गोली मारकर भाग निकले। उसने बताया कि गोली मां की कमर में लगी। इसके बाद वह सड़क पर गिर पड़ीं। घटना से वह पूरी तरह घबरा गई और शोर मचाने लगी।
पुरानी रंजिश को बताया जा रहा वजह
घायल महिला के बेटे रेहान ने बताया कि परिवार की कुछ लोगों से करीब डेढ़ वर्ष से रंजिश चल रही है। पूर्व में चोरी से जुड़े एक विवाद के दौरान परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई थी। परिजनों का आरोप है कि उसी रंजिश के चलते यह हमला कराया गया है। महिला के पति सद्दाम ने मोहल्ले के ही एक व्यक्ति पर संदेह जताते हुए पुलिस को जानकारी दी है।
मामले की जांच कर रही पुलिस
घायल महिला को पहले मलखान सिंह जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार महिला को फायरआर्म इंजरी हुई है और उनका इलाज जारी है। क्षेत्राधिकारी तृतीय सर्वम सिंह ने बताया कि महिला की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं की जांच कर रही है। तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











