फतेहपुर में हिस्ट्रीशीटर की पीट-पीटकर हत्या: मां-बाप के सामने लाठी-डंडों से किया हमला, 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज

उत्तरप्रदेश|03 मई 2026
मां-बाप के सामने लाठी-डंडों से किया हमला, 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज

फतेहपुर जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। 32 वर्षीय हिस्ट्रीशीटर अभिमन्यु उर्फ कुन्नू यादव की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। करीब आठ लोग मिलकर उसे बेरहमी से पीट रहे हैं। घटना के दौरान उसके माता-पिता मौके पर मौजूद थे और बेटे को बचाने की कोशिश कर रहे थे। वे हमलावरों के सामने गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं सुनी। उल्टा आरोपियों ने उन्हें भी पीट दिया। वारदात के बाद आरोपी उसे मरा समझकर मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

यह पूरी घटना शहर से करीब 10 किलोमीटर दूर हुसेनगंज थाना क्षेत्र के पूरे रहिमाल मजरे जमरावां गांव की है। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे अभिमन्यु अपने घर के बाहर बैठा हुआ था। तभी गांव का ही कमलेश यादव अपने परिवार और अन्य लोगों के साथ लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंचा। हमलावरों को देखते ही अभिमन्यु भागने लगा, लेकिन उन्होंने उसे पकड़ लिया। इसके बाद उस पर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया गया। उसे जमीन पर गिराकर लात-घूंसों और डंडों से पीटा गया। हमले के दौरान वह खून से लथपथ हो गया और मदद के लिए चिल्लाता रहा।

माता-पिता भी बने शिकार

बेटे की चीख सुनकर पिता मान सिंह यादव और मां ननकी देवी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बेटे को बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी नहीं छोड़ा। दोनों को भी पीटा गया और धमकी दी गई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में अभिमन्यु और उसके माता-पिता को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन अभिमन्यु की हालत ज्यादा गंभीर थी और उसने दम तोड़ दिया। माता-पिता का इलाज जारी है।

पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया है कि अभिमन्यु यादव का गांव के ही गैंगस्टर कमलेश यादव से पुराना विवाद चल रहा था। दोनों के बीच वर्चस्व को लेकर कई बार झड़प हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि वारदात से एक दिन पहले भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते कमलेश यादव ने अपने परिजनों और साथियों के साथ मिलकर इस हमले को अंजाम दिया। मृतक के चाचा ज्ञान सिंह यादव ने भी आरोप लगाया है कि कमलेश यादव, मनीष और सचिन ने मिलकर अभिमन्यु की हत्या की है।

हिस्ट्रीशीटर पर दर्ज थे कई केस

पुलिस के अनुसार, अभिमन्यु उर्फ कुन्नू यादव थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ करीब 20 से 25 मुकदमे दर्ज थे। उसके परिवार के अन्य सदस्यों पर भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। एसपी अभिन्यु मांगलिक ने बताया कि अभिमन्यु की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। इसको लेकर पहले भी परिवार को नोटिस जारी किया गया था। पुलिस ने परिवार को सलाह दी थी कि उसे मानसिक अस्पताल में भर्ती कराया जाए, क्योंकि वह आए दिन विवाद करता था और क्षेत्र में शांति भंग होने का खतरा बना रहता था।

पुलिस की कार्रवाई और आगे की जांच

घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई शुरू की है। कमलेश यादव समेत 10 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सभी को अरेस्ट किया जाएगा। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। देर शाम गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस बल तैनात किया गया है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।