एटा में शराबी पिता की हैवानियत: ढाई साल की बेटी से किया दुष्कर्म, बाजार घुमाने के बहाने ले गया खेत; पुलिस ने किया अरेस्ट

एटा के मिरहची थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पिता ने शराब के नशे में अपनी ही ढाई साल की मासूम बेटी के साथ दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं। इस जघन्य अपराध ने न केवल स्थानीय क्षेत्र बल्कि पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को अरेस्ट कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिरहची कस्बे में सोमवार की रात ने एक मासूम के बचपन को उम्र भर का जख्म दे दिया। आरोपी पिता देर रात शराब के नशे में घर पहुंचा और अपनी पत्नी से बेटी को बाजार घुमाने की बात कहकर साथ ले गया। पत्नी को जरा भी अंदाजा नहीं था कि जिस पिता की गोद में उसकी नन्हीं जान सुरक्षित महसूस कर रही है, वही शख्स उसकी मासूमियत को कुचलने की साजिश रच रहा है। आरोपी मासूम को मारहरा रोड स्थित एक मंदिर के पीछे सुनसान बाग और खेतों की ओर ले गया। वहां सन्नाटे का फायदा उठाकर उसने इस कुकर्म को अंजाम दिया।
बेहोश पड़ी थी बच्ची
काफी देर तक जब पिता और पुत्री वापस नहीं लौटे, तो मां की ममता बेचैन हो उठी। अनहोनी की आशंका के चलते पीड़िता की मां अपने जेठ को साथ लेकर पति की तलाश में निकल पड़ी। टॉर्च की रोशनी और घबराहट के बीच जब वे खेतों की तरफ पहुंचे, तो वहां का दृश्य देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। मासूम बच्ची लहूलुहान और बेहोशी की हालत में पड़ी थी जबकि आरोपी पिता वहीं मौजूद था। अपनी ही संतान को इस हृदयविदारक स्थिति में देखकर मां बदहवास हो गई। तत्काल मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई।
फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने की कवायद
घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष नीतू वर्मा ने तत्काल मोर्चा संभाला और पीड़िता को मेडिकल के लिए अस्पताल भिजवाया। मंगलवार शाम को पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर उसे अरेस्ट कर लिया। देर शाम फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से जांच की और वहां से महत्वपूर्ण ऐविडेंस एकत्र किए, ताकि अदालत में आरोपी के खिलाफ पुख्ता पैरवी की जा सके। पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी और फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से अपराधी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश व्याप्त है और हर कोई इस दरिंदे को सख्त सजा देने की मांग कर रहा है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










