गाजीपुर में नवविवाहिता ने किया सुसाइड: पिता से मायके आने की जताई थी इच्छा, प्रेम विवाह से नाराज थे परिजन

उत्तरप्रदेश|1 घंटा पहले
पिता से मायके आने की जताई थी इच्छा, प्रेम विवाह से नाराज थे परिजन

जमानियां कोतवाली क्षेत्र में एक नवविवाहिता ने कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती ने एक दिन पहले अपने पिता से मायके आने की इच्छा जताई थी, लेकिन उन्हें मना कर दिया गया था। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

मामला भीष्मदेव राय पट्टी गांव का है। पुलिस के अनुसार गांव निवासी ओमप्रकाश की कुशीनगर जिले के हाटा थाना क्षेत्र के परसिया गांव निवासी प्रीति पटेल (22) से रॉन्ग नंबर के जरिए बातचीत शुरू हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और अक्टूबर 2025 में दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया। ओमप्रकाश मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। बताया जा रहा है कि इस विवाह से युवती के मायके पक्ष के लोग नाराज थे।

मायके जाने की इच्छा जताई, फिर उठाया कदम

मृतका के ससुर जगजीवन के अनुसार प्रीति ने अपने पिता इंद्रमणि पटेल को फोन कर मायके आने की इच्छा जताई थी। किसी कारणवश पिता ने उसे आने से मना कर दिया। परिवार के अन्य सदस्य घर से बाहर गए हुए थे। लौटने पर कमरे की खिड़की से देखा तो प्रीति साड़ी के फंदे से लटकी हुई थी। घटना के समय उसका पति ओमप्रकाश और ससुर घर के बाहर सो रहे थे। महिलाओं के शोर मचाने पर दोनों मौके पर पहुंचे।

कमरे से मिले शीशे के टुकड़े

घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को कब्जे में लिया। जांच के दौरान कमरे में शव के पास शीशे के टूटे टुकड़े भी मिले। पुलिस का अनुमान है कि पिता से बातचीत के बाद गुस्से में प्रीति ने शीशे की अलमारी पर हाथ मारा होगा। इससे उसका हाथ घायल हो गया। इसके बाद उसने साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।