रामगढ़ताल में प्रेमी जोड़े पर हमला: कार में की तोड़फोड़ और मोबाइल लूटा, हिरासत में एक आरोपी

रामगढ़ताल क्षेत्र में देर रात घूमने पहुंचे एक युवक और युवती के साथ छह युवकों द्वारा मारपीट, अभद्रता और लूटपाट का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने कार में तोड़फोड़ करने के साथ युवक का मोबाइल भी छीन लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और सर्विलांस की मदद से एक आरोपी को हिरासत में लिया है। नव्य जागरण वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
जानकारी के अनुसार नोएडा निवासी युवक और झारखंड की युवती शहर के एक होटल में कार्यरत हैं। दोनों की जल्द शादी होने वाली है। भोजन के बाद दोनों कार से नौका विहार और रामगढ़ताल रिंग रोड की ओर घूमने निकले थे। आरोप है कि मोहद्दीपुर की ओर आरकेबीके के पीछे बाइक सवार एक युवक की कार से टक्कर होने से बच गई। इसके बाद उसने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया।
तीन बाइक पर पहुंचे छह युवकों ने किया हमला
पीड़ितों के मुताबिक कुछ ही देर में तीन बाइकों पर सवार करीब छह युवक वहां पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने कार रुकवाकर युवती के साथ अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। हमलावर युवक का मोबाइल छीन ले गए और कार का शीशा भी तोड़ दिया। शोर सुनकर आसपास मौजूद राहगीर मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से फरार हो गए। इसी दौरान कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
पुलिस अधिकारी के हस्तक्षेप पर सक्रिय हुई पुलिस
घटना के बाद राहगीर पीड़ित युवक और युवती को लेकर कैंट थाना क्षेत्र की एक चौकी पहुंचे। वहां पुलिस ने घटनास्थल अपने अधिकार क्षेत्र में न होने की बात कहकर दूसरी चौकी भेज दिया। इसके बाद दोनों कैंट थाने पहुंचे, जहां से उन्हें फिर मोहद्दीपुर चौकी भेजा गया। दोनों कार्रवाई के लिए चौकी और थाने के बीच भटकते रहे। बाद में एक पुलिस अधिकारी के हस्तक्षेप के बाद पुलिस सक्रिय हुई। टीम ने घटनास्थल पहुंचकर जांच शुरू की और लूटे गए मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया।
वीडियो वायरल होने के बाद तेज हुई कार्रवाई
घटना का वीडियो सामने आने के बाद अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। पुलिस और सर्विलांस टीम की जांच के आधार पर एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। सीओ कैंट आभा सिंह ने बताया कि कार की टक्कर के बाद बाइक सवार युवकों द्वारा कार चालक से मारपीट की सूचना मिली थी। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









