महराजगंज में नेपाल भाग रहा अमेरिकी नागरिक गिरफ्तार: एसएसबी के जवानों ने पीछा कर पकड़ा, खुफिया एजेंसियां कर रहीं जांच

उत्तरप्रदेश|2 घंटे पहले
एसएसबी के जवानों ने पीछा कर पकड़ा, खुफिया एजेंसियां कर रहीं जांच

सोनौली सीमा क्षेत्र में बिना वैध दस्तावेज नेपाल में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे एक अमेरिकी नागरिक को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने हिरासत में लिया है। सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां उससे पूछताछ कर उसकी पहचान, यात्रा और उसके दावों का सत्यापन कर रही हैं। यह कार्रवाई सीमा स्तंभ संख्या 516 के पास की गई।

एसएसबी के अनुसार सीमा स्तंभ संख्या 516 के पास एक विदेशी नागरिक नेपाल की ओर बढ़ रहा था। ड्यूटी पर तैनात जवानों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह वहां से भागने लगा। इसके बाद जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और कंपनी मुख्यालय ले जाकर पूछताछ शुरू की। फिलहाल उसके भारत आने और नेपाल जाने के उद्देश्य की जांच की जा रही है।

गोवा में हुई थी नेपाली व्यक्ति से मुलाकात

प्रारंभिक पूछताछ में विदेशी नागरिक ने बताया कि उसका पासपोर्ट बेंगलुरु में रहने वाले एक परिचित के पास है। उसने दावा किया कि गोवा में उसकी मुलाकात नेपाल के एक व्यक्ति से हुई थी, जिससे वह सोनौली में मिलने वाला था। हालांकि पूछताछ के दौरान वह उन दोनों व्यक्तियों के पूरे पते या अन्य स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं करा सका। इसी वजह से सुरक्षा एजेंसियां उसके बयान का अलग-अलग स्तर पर सत्यापन कर रही हैं।

70 देशों की कर चुका है यात्रा

पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम सैम ब्राउन बताया और खुद को अमेरिका के कैलिफोर्निया का निवासी बताया। उसका दावा है कि उसने कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय से इंटरनेशनल बिजनेस की पढ़ाई की है। अमेरिकी नेवी स्पेशल फोर्सेज में कार्य किया है। उसके अनुसार उसने दो वर्ष पहले नौकरी छोड़ दी थी। उसने यह भी कहा कि अब तक वह लगभग 70 देशों की यात्रा कर चुका है। भारत आने से पहले वह बाली गया था। करीब आठ सप्ताह पहले अमेरिका से गोवा पहुंचा, जहां छह सप्ताह तक रुका।

नकदी और प्रोटीन पाउडर मिला

एसएसबी के मुताबिक उसके पास से 31,460 रुपये नकद और एक प्रोटीन पाउडर का डिब्बा बरामद हुआ है। उसने यह भी दावा किया कि तीन वर्ष पहले इटली में उसकी मुलाकात उत्तराखंड निवासी चेतना नाम की युवती से हुई थी और अक्टूबर 2024 में दोनों ने विवाह कर लिया। उसके अनुसार उसकी पत्नी योग प्रशिक्षक है। फिलहाल एसएसबी और अन्य खुफिया एजेंसियां उसकी पहचान, यात्रा और सभी दावों का विस्तृत सत्यापन कर रही हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।