आजमगढ़ में गैंगस्टर केसी राय की बिल्डिंग कुर्क: 10 करोड़ की संपत्ति पर कसा शिकंजा, डुगडुगी पिटवाकर पूरी की प्रक्रिया

कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कोडर अजमतपुर में गैंगस्टर और कथित भू-माफिया कृष्ण चंद्र राय उर्फ केसी राय के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य की उसकी बिल्डिंग कुर्क कर ली। न्यायालय के आदेश पर की गई इस कार्रवाई के दौरान मौके पर डुगडुगी पिटवाकर कुर्की की प्रक्रिया पूरी की गई। आरोपी फिलहाल अंबेडकर नगर जेल में बंद है। आरोपी के खिलाफ 16 गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस जांच के अनुसार केसी राय ने वर्ष 2012 से फर्जी खतौनी, छल-कपट और कूटरचना के जरिए अर्जित धन से यहां जमीन खरीदनी शुरू की थी। बाद में उसी जमीन पर आलीशान बिल्डिंग का निर्माण कराया और समय-समय पर उसका नवीनीकरण भी कराया। जांच एजेंसियों का दावा है कि निर्माण में अपराध से अर्जित धन का इस्तेमाल किया गया।
गैंग का प्रमुख ठिकाना बनी थी बिल्डिंग
पुलिस विवेचना में यह भी सामने आया कि यह भवन गैंग की गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बना हुआ था। यहां गैंग के सदस्यों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का जमावड़ा होता था। पुलिस के मुताबिक विभिन्न आपराधिक घटनाओं की योजना भी इसी परिसर में बनाई जाती थी। राजस्व विभाग ने भूमि का चिह्नांकन और मूल्यांकन कराया। वहीं, लोक निर्माण विभाग ने भवन का तकनीकी आकलन किया। इसके आधार पर संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपये आंकी गई।
जांच में सामने आया अवैध विस्तार
विवेचक इंस्पेक्टर रफी आलम की जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी के पास भवन निर्माण या बैंक ऋण की किस्तें चुकाने के लिए कोई वैध आय का स्रोत नहीं था। पुलिस का दावा है कि वर्ष 2012 से वह अपराध से अर्जित धन के जरिए आसपास की जमीन खरीदकर अपना नेटवर्क बढ़ाता रहा। वर्तमान में उसका प्रभाव करीब पांच गाटा संख्या तक फैला हुआ बताया गया है। पुलिस की रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने माना कि आरोपी ने अवैध कमाई से संपत्ति अर्जित कर उसका लगातार विस्तार किया।
कोर्ट के आदेश पर हुई कुर्की
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सत्यबीर सिंह ने धारा 107 बीएनएसएस के तहत संपत्ति कुर्क करने का आदेश दिया। साथ ही तहसीलदार को संपत्ति का प्रशासक नियुक्त किया गया। इसके बाद पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर कुर्की की कार्रवाई पूरी की।
अभियान के तहत हुई कार्रवाई
क्षेत्राधिकारी शुभम तोदी ने बताया कि सीनियर पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर जिले में अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गैंगस्टर केसी राय की संपत्ति कुर्क की गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी को आजमगढ़ जेल से अंबेडकर नगर जेल स्थानांतरित किया जा चुका है। कार्रवाई के दौरान पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









