बेंगलुरु में वॉशरूम के बहाने घर में घुसा डिलीवरी एजेंट: महिला ने अश्लील हरकत करने का लगाया आरोप, पुलिस ने दबोचा

बेंगलुरु में एक महिला के साथ कथित अश्लील हरकत के आरोप में फ्लिपकार्ट के एक डिलीवरी एजेंट को पुलिस ने अरेस्ट किया है। महिला का आरोप है कि पार्सल देने आया एजेंट उनकी अनुमति के बिना फ्लैट में घुस गया और बाहर आने के बाद अशोभनीय व्यवहार किया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोपी की पहचान विजय मल्लिकार्जुन कामत के रूप में हुई है। महिला के अनुसार वह घर में अकेली थीं। पार्सल देने के बाद डिलीवरी एजेंट ने वॉशरूम इस्तेमाल करने की अनुमति मांगी। लेकिन उन्होंने कई बार मना करते हुए पड़ोसियों से मदद लेने की सलाह दी। आरोप है कि इसके बावजूद एजेंट जूते-चप्पल उतारकर जबरन फ्लैट के अंदर दाखिल हो गया।
वीडियो भी बनाया
महिला का आरोप है कि वॉशरूम से बाहर आने के बाद आरोपी ने अश्लील हरकत की। उन्होंने घटना के दौरान अपने मोबाइल से उसका वीडियो भी रिकॉर्ड किया। वीडियो में उसकी पैंट की जिप खुली दिखाई दे रही है। महिला का कहना है कि घटना के दौरान वह बेहद घबरा गई थीं और अपनी सुरक्षा को लेकर डर महसूस कर रही थीं।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर साझा किया अनुभव
महिला ने घटना के बाद रोते हुए अपना एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने कहा कि अपने ही घर में उन्हें असुरक्षित, अपमानित और गरिमा का उल्लंघन होने जैसा महसूस हुआ। उन्होंने डिलीवरी एजेंटों के सत्यापन की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जब किसी महिला ने स्पष्ट रूप से 'नहीं' कहा था, तब वहीं बात समाप्त हो जानी चाहिए थी। उन्होंने बताया कि डर के कारण उन्होंने मोबाइल का कैमरा चालू कर दिया और घर का दरवाजा भी खुला रखा, ताकि जरूरत पड़ने पर मदद मांगी जा सके। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी को अरेस्ट कर केस दर्ज कर लिया है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









