सूर्या चौहान हत्याकांड से गाजियाबाद में तनाव: परिवार ने अंतिम संस्कार से किया इनकार, डिप्टी सीएम बोले- नहीं बचेंगे दोषी

उत्तरप्रदेश|9 घंटे पहले
परिवार ने अंतिम संस्कार से किया इनकार, डिप्टी सीएम बोले- नहीं बचेंगे दोषी

खोड़ा थाना क्षेत्र के नवनीत विहार में 17 वर्षीय छात्र सूर्या चौहान की हत्या के मामले ने अब व्यापक सामाजिक और राजनीतिक रूप ले लिया है। शनिवार को विभिन्न हिंदू संगठनों ने घटना के विरोध में सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। संगठनों ने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कई स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। जबकि एहतियातन कुछ दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे।

शनिवार दोपहर पोस्टमॉर्टम के बाद सूर्या की बॉडी उसके घर पहुंची। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां अपने बेटे की बॉडी से लिपटकर बिलखती रहीं। परिवार ने स्पष्ट किया कि जब तक मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं होती, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। फिलहाल बॉडी को सुरक्षित रखने के लिए डीप फ्रीजर में रखा गया है।

पुरानी रंजिश को लेकर हत्या का आरोप

परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना 28 मई की है। आरोप है कि सूर्या को उसके परिचित युवकों ने फोन कर मिलने के लिए बुलाया था। आरोपियों ने सूर्या से पूछा- 'कभी बकरे को हलाल होते देखा है?' इसके बाद उन्होंने चाकू से उस पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। सूर्या खुद को छुड़ाकर जान बचाने के लिए करीब 200 मीटर तक भागा। लेकिन आरोपियों ने उसे दौड़ाकर दोबारा चाकुओं से गोद दिया। गंभीर रूप से घायल सूर्या को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के बड़े भाई यश चौहान की तहरीर पर पुलिस ने मुख्य आरोपी असद सहित पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं दो अन्य की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

प्रदर्शन के बीच प्रशासन अलर्ट

घटना के बाद हिंदू संगठनों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई और सख्त दंड की मांग की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई बार तीखी बहस भी हुई। हालांकि हालात नियंत्रण में रहे। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।

डिप्टी सीएम और मायावती ने मांगी कठोर कार्रवाई

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हत्या जैसा जघन्य अपराध करने वाला कोई भी व्यक्ति कानून से बच नहीं सकेगा। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वहीं बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने भी घटना पर चिंता जताते हुए दोषियों को शीघ्र अरेस्ट कर सख्त सजा दिलाने की मांग की है।

पुलिस की जांच जारी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद और पुरानी रंजिश का पहलू सामने आया है। हालांकि सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि मामले की निष्पक्ष विवेचना कर दोषियों के खिलाफ मजबूत साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। इस बीच पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो। डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि सभी आरोपी और पीड़ित आपस में दोस्त थे। बाइक चलाने को लेकर हुए विवाद में आवेश में आकर एक युवक ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। बॉडी का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।