गोरखपुर में 31 मई को दो एग्जाम: 43 हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल, सुरक्षा के व्यापक इंतजाम

शहर में 31 मई को दो महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन हो रहा है। जिसमें 43 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों की मौजूदगी को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, निगरानी और यातायात प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए हैं। एक ओर बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी द्वारा बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से सहायक आचार्य (असिस्टेंट प्रोफेसर) भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा भी संपन्न कराई जाएगी।
बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा जिले के 67 परीक्षा केंद्रों पर दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। फर्स्ट शिफ्ट सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा सेकेंड शिफ्ट दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी। परीक्षा में 32,530 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। वहीं, सहायक आचार्य भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा 23 केंद्रों पर सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित होगी। जिसमें 10,519 परीक्षार्थी भाग लेंगे।
अधिकारियों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण
दोनों परीक्षाओं के सफल और निष्पक्ष संचालन को लेकर शुक्रवार को गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया था। प्रशिक्षण कार्यक्रम में परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था, गोपनीयता और निगरानी से जुड़े महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए थे। इस दौरान परीक्षा के नोडल अधिकारी एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार, समन्वयक पवन कुमार मौर्य और जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
ग्रामीण क्षेत्रों के केंद्रों पर भी विशेष व्यवस्था
प्रशासन के अनुसार बीएड प्रवेश परीक्षा के कई केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में भी बनाए गए हैं। परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऐसे केंद्रों का चयन किया गया है। जहां मुख्य मार्ग से आवागमन सुगम हो। अभ्यर्थियों को समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है। वहीं, संभावित यातायात दबाव को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस को भी विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









