कुशीनगर एयरपोर्ट से नियमित उड़ानों पर जोर: विकास योजनाओं को गति देने पर मंथन, वर्ष 2021 में हुआ था भव्य उद्घाटन

उत्तरप्रदेश|13 घंटे पहले
विकास योजनाओं को गति देने पर मंथन, वर्ष 2021 में हुआ था भव्य उद्घाटन

कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सलाहकार समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिसमें एयरपोर्ट के समग्र विकास, नियमित उड़ान संचालन, यात्री सुविधाओं के विस्तार, सुरक्षा व्यवस्था और भविष्य की रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने एयरपोर्ट को अधिक प्रभावी और व्यावसायिक रूप से सक्षम बनाने पर जोर दिया।

बैठक की अध्यक्षता कर रहे सांसद विजय कुमार दुबे और उपाध्यक्ष विधायक पीएन पाठक ने एयरपोर्ट से नियमित उड़ानें शुरू कराने को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। सांसद ने कहा कि कुशीनगर एयरपोर्ट का निर्माण 22 वर्षों के संघर्ष के बाद संभव हुआ है। वर्ष 2021 में इसका उद्घाटन किया गया था। अब तक यहां से नियमित उड़ान सेवाएं शुरू नहीं हो सकी हैं। उन्होंने कहा कि कुशीनगर एक इंटरनेशनल बौद्ध पर्यटन केंद्र है। जहां देश-विदेश से पर्यटकों की निरंतर आवाजाही होती है। ऐसे में नियमित उड़ानें क्षेत्रीय विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।

आईएलएस कार्य में देरी पर जताई चिंता

बैठक में इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (आईएलएस) के कार्य में हो रही देरी का मुद्दा प्रमुख रूप से उठा। सांसद ने एयरपोर्ट डायरेक्टर प्राणेश राय को निर्देश दिए हैं। आईएलएस कार्य को शीघ्रता से पूर्ण कराया जाए। जिससे उड़ानों के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न रहे। अधिकारियों ने जानकारी दी कि परियोजना में आ रही बाधाएं जैसे पेड़ों की कटाई, टावर शिफ्टिंग और बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान कर लिया गया है। इसके बाद कार्य में तेजी लाई जा रही है।

सुरक्षा और यात्री सुविधाओं पर भी जोर

जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि एयरपोर्ट परिसर में पुलिस चौकी की स्थापना की स्वीकृति मिल चुकी है। जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि आईएलएस सिस्टम के स्थापित होने के बाद खराब मौसम और रात के समय भी विमानों की सुरक्षित लैंडिंग और टेकऑफ संभव हो सकेगा। जिससे उड़ान संचालन अधिक विश्वसनीय बनेगा।

कार्गो हब और इंटरनेशनल विस्तार की योजना

बैठक में एयरपोर्ट को भविष्य में कार्गो हब के रूप में विकसित करने और इंटरनेशनल उड़ानों की संभावनाओं को बढ़ाने पर भी विस्तार से विचार किया गया। पुरानी बिल्डिंग को कार्गो संचालन के लिए उपयोग में लाने का सुझाव दिया गया है। जिससे पूर्वांचल, बिहार और नेपाल के किसानों के कृषि उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। साथ ही एयरलाइंस कंपनियों के साथ समन्वय बढ़ाकर नए रूट विकसित करने पर भी चर्चा हुई।

एफटीओ और निवेश प्रस्तावों पर चर्चा

एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गेनाइजेशन (एफटीओ) की स्थापना के लिए नॉर्वे और भारतीय कंपनियों ने रुचि दिखाई है। इसके लिए प्रस्ताव आगे बढ़ा दिया गया है। यह पहल क्षेत्र में रोजगार और प्रशिक्षण के नए अवसर पैदा कर सकती है। बैठक का संचालन अनिल कुमार और निशि गंधा ने संयुक्त रूप से किया। जबकि स्वागत एयरपोर्ट डायरेक्टर प्राणेश राय ने किया। बैठक में एसडीएम डॉ. संतराज सिंह बघेल, सीओ संजीव कुमार, पर्यटन सूचना अधिकारी डॉ. प्राण रंजन समेत कई अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।