सलमान-लॉरेंस विवाद पर फिल्म: 'काला हिरण' का पोस्टर रिलीज, कोर्टरूम ड्रामा और विवादों की दिखेगी कहानी

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान से जुड़े बहुचर्चित काला हिरण शिकार प्रकरण और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के साथ उनके विवाद को केंद्र में रखकर बनाई जा रही फिल्म ‘काला हिरण’ का आधिकारिक पोस्टर जारी कर दिया गया है। फिल्म के निर्माताओं ने घोषणा की है कि इसका फर्स्ट लुक और टीजर आगामी 20 जून को रिलीज किया जाएगा। पोस्टर सामने आने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों और फिल्म उद्योग में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि फिल्म में मुख्य भूमिका कौन निभा रहा है। पोस्टर में दिखाई देने वाला कलाकार भी फिल्मी दुनिया का कोई चर्चित चेहरा नजर नहीं आ रहा है।
फिल्म के निर्माता अमित जानी के अनुसार, ‘काला हिरण’ केवल एक शिकार प्रकरण की कहानी नहीं है, बल्कि इसमें उस पूरे घटनाक्रम को सिनेमाई अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। जिसने वर्षों तक देश की सुर्खियों में जगह बनाई। उन्होंने बताया कि फिल्म में 1998 के कांकाणी काला हिरण शिकार मामले, उससे जुड़े कानूनी संघर्ष, कोर्टरूम ड्रामा, गिरफ्तारी, न्यायिक प्रक्रिया और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के साथ सलमान खान के विवाद को क्राइम-थ्रिलर शैली में दर्शाया गया है। फिल्म की शूटिंग उत्तर प्रदेश के संभल, मुरादाबाद सहित कई शहरों में की गई है। निर्माता का कहना है कि लंबे समय से दर्शकों के बीच इस मामले को लेकर जिज्ञासा बनी हुई है। इसी कारण इस विषय को बड़े पर्दे पर उतारने का फैसला किया गया। उनका दावा है कि फिल्म वास्तविक घटनाओं से प्रेरित है। दर्शकों को एक अलग अनुभव देगी।
1998 का चर्चित काला हिरण शिकार मामला
गौरतलब है कि वर्ष 1998 में फिल्म ‘हम साथ-साथ हैं’ की शूटिंग के दौरान जोधपुर के कांकाणी क्षेत्र में काला हिरण शिकार का मामला सामने आया था। इस प्रकरण में सलमान खान के अलावा अभिनेता सैफ अली खान, अभिनेत्री तब्बू, सोनाली बेंद्रे और नीलम का नाम भी सामने आया था। बिश्नोई समुदाय की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ और लंबी कानूनी प्रक्रिया चली। अप्रैल 2018 में जोधपुर की अदालत ने सलमान खान को दोषी ठहराते हुए पांच वर्ष की सजा सुनाई थी। वहीं अन्य कलाकारों को बरी कर दिया गया था। बाद में सलमान को जमानत मिल गई और मामला वर्तमान में राजस्थान हाईकोर्ट में विचाराधीन है।
लॉरेंस बिश्नोई विवाद भी रहेगा केंद्र में
फिल्म का एक महत्वपूर्ण पक्ष गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और सलमान खान के बीच वर्षों से चला आ रहा विवाद भी है। लॉरेंस कई बार सार्वजनिक रूप से काला हिरण शिकार मामले को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर कर चुका है। बीते वर्षों में सलमान खान को मिली धमकियों और उनके आवास के बाहर हुई फायरिंग की घटनाओं ने इस विवाद को और अधिक चर्चा में ला दिया था। माना जा रहा है कि फिल्म में इन घटनाओं को भी कथानक का अहम हिस्सा बनाया गया है। फिल्म का पोस्टर जारी होने के साथ ही दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है। अब सभी की निगाहें 20 जून को रिलीज होने वाले टीजर और फर्स्ट लुक पर टिकी हैं। जिससे फिल्म की कहानी और प्रस्तुति को लेकर अधिक तस्वीर साफ हो सकेगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









