15 दिन में दूसरी बार महंगी हुई CNG: मुंबई में बढ़े ईंधन के दाम, 86 रुपये प्रति किलो पहुंची सीएनजी

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में आम लोगों पर महंगाई का एक और बोझ पड़ गया है। महानगर गैस लिमिटेड (एमजीएल) ने सीएनजी और पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 29-30 मई की मध्यरात्रि से लागू हो गई हैं। ताजा संशोधन के बाद सीएनजी की कीमत में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि हुई है। जबकि घरेलू पीएनजी 50 पैसे प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (एससीएम) महंगी हो गई है। यह महज 15 दिनों के भीतर दूसरी बार है, जब गैस की कीमतों में इजाफा किया गया है।
नई दरों के अनुसार मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में सीएनजी की कीमत 84 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 86 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। वहीं घरेलू उपभोक्ताओं के लिए पीएनजी की कीमत अब 52 रुपये प्रति एससीएम हो गई है। इससे पहले 13-14 मई को भी एमजीएल ने गैस की कीमतों में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की थी। लगातार बढ़ती कीमतों ने आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ सार्वजनिक परिवहन क्षेत्र की चिंता भी बढ़ा दी है।
गैस आपूर्ति में कमी और कमजोर रुपया बना वजह
एमजीएल के अधिकारियों के अनुसार घरेलू गैस आवंटन में लगातार कमी आ रही है। इसके चलते कंपनी को महंगे आयातित या वैकल्पिक स्रोतों से गैस खरीदनी पड़ रही है। इसके अलावा अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये की कमजोरी ने भी लागत बढ़ा दी है। कंपनी का कहना है कि बढ़ती लागत का असर उपभोक्ता कीमतों पर पड़ना स्वाभाविक है। हालांकि कंपनी ने दावा किया है कि मूल्य वृद्धि के बावजूद सीएनजी अब भी पेट्रोल और डीजल की तुलना में अधिक किफायती ईंधन बनी हुई है। एमजीएल के मुताबिक मौजूदा दरों पर सीएनजी का उपयोग करने वाले वाहन मालिक पेट्रोल की तुलना में करीब 45 प्रतिशत और डीजल की तुलना में लगभग 12 प्रतिशत तक बचत कर सकते हैं।
ऑटो-टैक्सी यूनियनों ने बढ़ाया दबाव
सीएनजी की कीमत बढ़ने के बाद मुंबई की ऑटो-रिक्शा और टैक्सी यूनियनों ने किराए में बढ़ोतरी की मांग शुरू कर दी है। यूनियनों का कहना है कि ईंधन की लागत बढ़ने से परिचालन खर्च भी बढ़ गया है। ऐसे में वर्तमान किराया संरचना के साथ काम करना मुश्किल हो रहा है। यूनियन नेताओं ने सरकार और परिवहन विभाग से जल्द किराया संशोधन पर विचार करने की मांग की है।
दिल्ली में भी बढ़ रहे गैस के दाम
मुंबई के साथ-साथ राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी सीएनजी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने हाल ही में सीएनजी के दाम 2 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाए थे। पिछले दो सप्ताह में दिल्ली में सीएनजी की कीमतों में चार बार संशोधन किया जा चुका है। जिससे उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
क्या है एससीएम?
स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (SCM) गैस की मात्रा मापने की एक मानक इकाई है। घरेलू पाइप्ड गैस की खपत और बिलिंग इसी इकाई के आधार पर की जाती है। उपभोक्ताओं को मिलने वाले पीएनजी बिल में गैस की खपत एससीएम में दर्ज होती है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









