23 जुलाई से दौड़ेगा गोरखपुर का पहला सिक्सलेन फ्लाईओवर: सीएम योगी करेंगे लोकार्पण, ट्रैफिक को मिलेगी रफ्तार

शहर की यातायात व्यवस्था को बड़ी राहत देने वाला शहर का पहला सिक्सलेन फ्लाईओवर अब जनता के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 23 जुलाई की सुबह 10 बजे इसका लोकार्पण करेंगे। पहले यह कार्यक्रम 22 जुलाई को प्रस्तावित था, लेकिन अब संशोधित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री स्वयं फ्लाईओवर का उद्घाटन कर इसे आम लोगों के लिए खोलेंगे। लोकार्पण् के बाद मुख्यमंत्री इसी फ्लाईओवर से ट्रांसपोर्टनगर तक जाएंगे और वहां से वापस देवरिया बाईपास फ्लाईओवर होते हुए जनसभा स्थल पहुंचेंगे।
ट्रांसपोर्टनगर से पैडलेगंज तक करीब 2.6 किलोमीटर लंबा यह सिक्सलेन फ्लाईओवर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिक परियोजनाओं में शामिल रहा है। उत्तर प्रदेश सेतु निगम ने 429.49 करोड़ रुपये की लागत से इसका निर्माण पूरा किया है। सेतु निगम के महाप्रबंधक मिथिलेश कुमार ने बताया कि ट्रांसपोर्टनगर चौराहे से देवरिया बाईपास तिराहा होते हुए पैडलेगंज तक सिक्सलेन फ्लाईओवर तथा देवरिया बाईपास को जोड़ने वाला अतिरिक्त फोरलेन फ्लाईओवर पूरी तरह तैयार है। उद्घाटन की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
पूर्वांचल, बिहार और नेपाल की कनेक्टिविटी होगी बेहतर
लखनऊ और वाराणसी-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग से आने वाले अधिकांश वाहन नौसढ़ तिराहे के रास्ते शहर में प्रवेश करते हैं। यही मार्ग ट्रांसपोर्टनगर, रुस्तमपुर, देवरिया बाईपास और पैडलेगंज होते हुए सिद्धार्थनगर, महराजगंज, नेपाल, देवरिया, कुशीनगर और बिहार की ओर जाता है। घनी आबादी, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव के कारण यह मार्ग लंबे समय से जाम की समस्या से जूझ रहा था। इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने यहां सिक्सलेन फ्लाईओवर निर्माण का निर्णय लिया था।
अंतिम तैयारियों में जुटे विभाग
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सेतु निगम और लोक निर्माण विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। फ्लाईओवर पर बनाई गई तीनों रोटरी का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और उनमें बालू भरने का कार्य अंतिम चरण में है। वहीं फ्लाईओवर के नीचे देवरिया बाईपास और गोरखपुर-लखनऊ मार्ग की मरम्मत, नाला निर्माण और पिलरों पर चित्रकारी का कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है।
अधिक सुगम और तेज होगा सफर
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि फ्लाईओवर शुरू होने के बाद इस व्यस्त कॉरिडोर पर प्रतिदिन लगने वाले जाम से काफी राहत मिलेगी। इससे शहरवासियों के साथ-साथ बाहरी जिलों और पड़ोसी राज्यों की ओर आने-जाने वाले यात्रियों का सफर भी अधिक सुगम और तेज होगा।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










