कासगंज में युवती की गला कटी मिली लाश: ट्यूबवेल की छत पर बरामद हुआ शव, रात 1 बजे निकली थी घर से

कासगंज के अशोक नगर गांव में मंगलवार रात घर से लापता हुई युवती की बुधवार को गला कटी लाश मिली। शव गांव से करीब 500 मीटर दूर एक ट्यूबवेल की छत पर पड़ा था। ट्यूबवेल मालिक सुबह छत पर पक्षियों को दाना डालने पहुंचा था। इसी दौरान उसकी नजर खून से लथपथ शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
जिला मुख्यालय से करीब 17 किलोमीटर दूर अशोक नगर गांव में नेहा अपने परिवार के साथ रहती थी। परिवार के मुताबिक, मंगलवार रात करीब एक बजे के बाद वह घर से निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों और परिचितों के यहां भी जानकारी की गई, लेकिन उसका पता नहीं चला। बुधवार को परिवार को ट्यूबवेल की छत पर शव मिलने की जानकारी मिली।
अक्टूबर में बड़ी बहन की थी शादी
परिवार ने बताया कि नेहा छह भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। उसकी बड़ी बहन निशा की शादी अक्टूबर में होनी थी। भाई शाहरुख ने बताया कि वह पिता के साथ सब्जी बेचने का काम करता है। मंगलवार रात परिवार के लोग करीब एक बजे खाना खाने के बाद सो गए थे। रात करीब तीन बजे जब देखा गया तो नेहा घर पर नहीं थी।
तीन लाख रुपये और जेवर ले जाने की बात
परिजनों के अनुसार, नेहा घर से करीब तीन लाख रुपये और जेवर लेकर निकली थी। परिवार का यह भी कहना है कि उसने अपनी बड़ी बहन निशा को नशीला पदार्थ खिलाया था। हालांकि, उसकी हत्या किसने और किस वजह से की, इसका अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस इन सभी बिंदुओं को जांच में शामिल कर रही है।
मोबाइल और सीसीटीवी से सुराग की तलाश
पुलिस ने नेहा के मोबाइल फोन से जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। उसके घर से निकलने के समय और रुपये-जेवर ले जाने की बात की भी जांच की जा रही है। इसके अलावा पुलिस उन लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है, जो नेहा के संपर्क में थे। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। एसपी ओपी सिंह के मुताबिक, युवती का शव ट्यूबवेल की छत से बरामद हुआ है। फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल की जांच की है। पुलिस का कहना है कि जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











