ललितपुर में छात्रा से गैंगरेप का मुख्य आरोपी अरेस्ट: मुठभेड़ में पैर में लगी गोली, हिरासत में तीनों बदमाश

जिले में चलती कार में छात्रा से गैंगरेप के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सुरेंद्र सेन को गुरुवार तड़के मुठभेड़ के बाद अरेस्ट कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी वारदात में इस्तेमाल की गई कार से फरार होने की कोशिश कर रहा था। राजघाट क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे अरेस्ट कर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। उसके कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ। इससे पहले पुलिस पीड़िता के प्रेमी बादल राजा और कार चालक रविशंकर को भी गिरफ्तार कर चुकी थी।
पुलिस के मुताबिक, इंस्पेक्टर अनुराग अवस्थी और स्वाट टीम प्रभारी अतुल तिवारी अपनी टीम के साथ मुख्य आरोपी की तलाश में थे। रात करीब एक बजे राजघाट के पास चेकिंग के दौरान कार दिखाई दी। पुलिस के रुकने का संकेत देने पर आरोपी जखौरा मार्ग की पुलिया के पास कार छोड़कर भागने लगा और तमंचे से पुलिस पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जाएगा।
परिचय का फायदा उठाकर कार में बैठाया
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि मंगलवार शाम करीब छह बजे वह घर के बाहर दुकान पर बैठी थी। इसी दौरान परिचित बादल राजा वहां पहुंचा और जरूरी बात करने के बहाने उसे कार में बैठा लिया। इसके बाद कार को हाईवे से बिरधा होते हुए जाखलौन कस्बे के आगे पंप कैनाल मार्ग की ओर ले जाया गया। आरोप है कि रास्ते में बादल राजा और सुरेंद्र सेन ने उसे जबरन शराब पिलाई और बारी-बारी से रेप किया। वहीं, तीसरा आरोपी लगातार कार चलाता रहा।
रेलवे स्टेशन के पास छोड़कर हुए फरार
पीड़िता के अनुसार, आरोपी उसे करीब पांच घंटे तक अलग-अलग मार्गों पर घुमाते रहे और रात करीब 11 बजे ललितपुर रेलवे स्टेशन के पास छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद उसने मोबाइल से अपनी बहन को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिजन उसे लेकर कोतवाली पहुंचे और मामला दर्ज कराया। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी बादल राजा का घर पीड़िता के घर से करीब 300 मीटर दूर है। दोनों के बीच पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध थे। पुलिस पूरे मामले की विधिक कार्रवाई आगे बढ़ा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया कि गैंगरेप का मुख्य आरोपी सुरेंद्र पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हुआ है। इसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वह वारदात में इस्तेमाल की गई कार से भागने की फिराक में था। अब मामले के तीनों आरोपी पुलिस की हिरासत में हैं। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









