पत्नी को परीक्षा दिलाने आए युवक की गोली मारकर हत्या: साले ने कनपटी पर मारी गोली, प्रेम विवाह से नाराज था परिवार

उत्तरप्रदेश|09 जून 2026
साले ने कनपटी पर मारी गोली, प्रेम विवाह से नाराज था परिवार

सहारनपुर जिले के रामपुर मनिहारान क्षेत्र में मंगलवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई। पत्नी को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने आए एक युवक की उसके साले ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब परीक्षा समाप्त होने के बाद युवक अपनी पत्नी के साथ कार से घर लौट रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चार माह पूर्व हुए प्रेम विवाह से युवती का परिवार नाराज था। इसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जबकि पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई टीमें गठित कर दी हैं।

मृतक की पहचान शामली जनपद के खेड़ी बैरागी निवासी 24 वर्षीय शिव कुमार के रूप में हुई है। शिव कुमार ने एमएससी और एलएलबी की पढ़ाई की थी। हाल ही में उसे एसएसएफ में नौकरी का नियुक्ति पत्र भी मिला था। मंगलवार को वह अपनी पत्नी आकांक्षा को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए सहारनपुर आया था। आकांक्षा का परीक्षा केंद्र रामपुर मनिहारान स्थित गोचर इंटर कॉलेज में था। परीक्षा के दौरान शिव कुमार बाहर कार में इंतजार कर रहा था। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। तभी युवती का भाई मंजीत और उसका मामा वहां पहुंच गए।

घर चलने को लेकर हुआ विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, युवती के भाई ने अपनी बहन पर घर चलने का दबाव बनाया। लेकिन उसने स्पष्ट रूप से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि मंजीत ने बहन को कार से उतारने का प्रयास किया। जिसका शिव कुमार ने विरोध किया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान आरोपी ने तमंचा निकालकर शिव कुमार की कनपटी पर सटाकर गोली चला दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। जबकि आरोपी अपने मामा के साथ मौके से फरार हो गया।

चार माह पहले हुई थी शादी

मृतक की पत्नी आकांक्षा ने पुलिस को बताया कि दोनों ने चार माह पहले प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही उसके परिवार के कुछ सदस्य इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे। शिव कुमार को लगातार धमकियां दी जा रही थीं। उसने आरोप लगाया कि घटना पूर्व नियोजित थी। उसके भाई ने जानबूझकर उसके पति को निशाना बनाया। आकांक्षा के अनुसार, यदि समय रहते कार्रवाई होती तो इस घटना को रोका जा सकता था।

गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि आरोपी भाई और उसके मामा की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को अरेस्ट कर लिया जाएगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।