प्लेटफॉर्म से पार्किंग हटाने पर रेलकर्मी नाराज: नई जगह कार्यालय से 500 मीटर दूर, कर्मचारी बोले- पास में हो वैकल्पिक इंतजाम

उत्तरप्रदेश|
नई जगह कार्यालय से 500 मीटर दूर, कर्मचारी बोले- पास में हो वैकल्पिक इंतजाम

गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर-9 की ओर स्लीपिंग पॉड के पास खड़े रेलकर्मियों के वाहनों को हटाने की कार्रवाई शुरू हुई तो कर्मचारियों ने विरोध दर्ज कराया। कर्मचारियों का कहना है कि वाहन खड़ा करने के लिए पहले से स्थान निर्धारित था और वे प्रशासन के निर्देश के मुताबिक वहीं वाहन पार्क कर रहे थे। इसके बावजूद अचानक उस जगह से भी गाड़ियां हटाई जा रही हैं। कर्मचारियों ने कहा कि उन्हें बुकिंग ऑफिस के पास पार्किंग की व्यवस्था बताई गई है, लेकिन वहां से कार्यालयों की दूरी अधिक होने के कारण रोजाना परेशानी होती है।

रेल कर्मचारियों के मुताबिक, बुकिंग ऑफिस के पास उपलब्ध कराई गई पार्किंग उनके कार्यालयों से करीब 400 से 500 मीटर दूर है। ड्यूटी के दौरान वाहन पार्क करने के बाद कर्मचारियों को अपने कार्यालय तक पहुंचने के लिए इतनी दूरी पैदल तय करनी पड़ती है। उनका कहना है कि रोजाना आने-जाने में अतिरिक्त समय और परेशानी दोनों बढ़ रहे हैं। कर्मचारियों ने प्रशासन से मांग की कि उनकी सुविधा और कामकाज को ध्यान में रखते हुए कार्यालयों के आसपास ही पार्किंग की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।

पहले खाली कराया था स्लीपिंग पॉड का इलाका

कर्मचारियों ने बताया कि इससे पहले भी प्रशासन ने स्लीपिंग पॉड के नीचे खड़े वाहनों को हटाने की कार्रवाई की थी। उस समय कर्मचारियों ने प्रशासन का सहयोग करते हुए पूरा क्षेत्र खाली कर दिया था। इसके बाद स्लीपिंग पॉड के बगल में चिह्नित स्थान पर वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा किया जाने लगा। कर्मचारियों का कहना है कि वे निर्धारित स्थान पर ही वाहन पार्क कर रहे थे और प्रशासन के निर्देशों का पालन कर रहे थे।

नई व्यवस्था की जानकारी नहीं मिलने पर सवाल

वाहन हटाने की कार्रवाई शुरू होने पर कर्मचारियों ने सवाल उठाए। उनका कहना है कि जब पार्किंग के लिए स्थान निर्धारित था और वहां वाहन खड़े करने की अनुमति थी तो अचानक कार्रवाई क्यों की जा रही है? कर्मचारियों ने कहा कि यदि पार्किंग को लेकर नई व्यवस्था या कोई नया आदेश जारी किया गया है तो उन्हें पहले इसकी जानकारी दी जानी चाहिए थी। उनका आरोप है कि पहले अनुमति दिए जाने के बाद अचानक वाहनों को हटाने से कर्मचारियों के सामने नई परेशानी खड़ी हो गई है। मामले में रेल प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।