गोरखपुर में पति-पत्नी का हुआ विवाद: छत से हाईटेंशन लाइन पर फेंके कपड़े, 2 हजार घरों की बिजली गुल

उत्तरप्रदेश|
छत से हाईटेंशन लाइन पर फेंके कपड़े, 2 हजार घरों की बिजली गुल

रामजानकीनगर इलाके में पति-पत्नी के घरेलू विवाद का असर करीब दो हजार घरों की बिजली आपूर्ति पर पड़ा। रात करीब 10 बजे रामजानकीनगर फीडर अचानक ट्रिप हो गया। बिजली विभाग की टीम ने सप्लाई बहाल करने का प्रयास किया, लेकिन बार-बार फॉल्ट आने से समस्या का कारण पता नहीं चल सका। इसके बाद तकनीकी टीम ने इलाके में लाइन की पेट्रोलिंग शुरू की। जांच के दौरान 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन में साड़ियां और अन्य कपड़े फंसे मिले। कपड़ों के तारों में फंसने के कारण लाइन में स्पार्किंग हुई और सुरक्षा प्रणाली ने फीडर को ट्रिप कर दिया।

बिजलीकर्मियों ने आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई तो पता चला कि हाईटेंशन लाइन के पास स्थित एक घर में पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। बताया गया कि गुस्से में पति ने घर में रखे कपड़े छत से बाहर फेंक दिए। ये कपड़े घर के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन पर जा गिरे और तारों में उलझ गए। कपड़ों में नमी और तारों के संपर्क के कारण स्पार्किंग होने लगी। इससे सुरक्षा प्रणाली सक्रिय हो गई और फीडर की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। इससे बड़ा हादसा तो टल गया, लेकिन करीब दो हजार घरों में अचानक बिजली गुल हो गई। उमस और गर्मी के बीच लोग परेशान होकर घरों से बाहर निकल आए और बिजली विभाग को शिकायतें करने लगे।

मौके पर पहुंची बिजली विभाग की टीम

फॉल्ट की जानकारी मिलने के बाद बिजली विभाग की टीम सुरक्षा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने पहले शटडाउन लिया और इसके बाद हाईटेंशन तारों में फंसे कपड़ों को सावधानीपूर्वक हटाया। सामान हटाने के बाद लाइन की तकनीकी जांच की गई और जरूरी मरम्मत पूरी की गई। करीब दो घंटे तक चले अभियान के बाद रामजानकीनगर फीडर की बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। सप्लाई लौटने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

हाईटेंशन लाइन से दूर रहने की अपील

बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में किसी भी वस्तु का आना बेहद खतरनाक हो सकता है। समय रहते फॉल्ट का पता नहीं चलता तो करंट फैलने या आग लगने जैसी गंभीर घटना हो सकती थी। विभाग ने लोगों से हाईटेंशन लाइनों के आसपास किसी भी तरह की वस्तु नहीं फेंकने और विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।