शाहजहांपुर में करंट से पिता-पुत्र की मौत: फसल को बचाने के लिए लगवाया था झटका मशीन, तार जोड़ते समय हुआ हादसा

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत हो गयी। ग्रामीणों ने खेत में दोनों के शव पड़े देखे तो परिजनों व पुलिस को सूचना दी। हादसे की जानकारी होते परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच में जुट गयी। घटना कांट थाना क्षेत्र के इंदेपुर गांव की है। ग्रामीणों ने बताया कि सुमित पंजाब में मजदूरी करता था रक्षाबंधन पर ही घर लौटा था।
जिले के कांट थाना क्षेत्र के इंदेपुर गांव में झटका मशीन से तार में उतरे करंट की चपेट में आकर किसान श्यामा चरण (65) और उनके पुत्र सुमित (28) की मौत हो गई। मृतक श्यामाचरण का गांव से कुछ दूरी पर खेत है। फसल को छुट्टा पशुओं से बचाने के लिए उन्होंने खेत के चारों ओर तार लगाए थे और घर में झटका मशीन लगा रखी थी। गुरुवार को श्यामाचरण घर से तार लेकर खेत में लगे तारों से जोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान किसी तरह तार में करंट उतर आया और वह उसकी चपेट में आ गए।
पिता को बचाने में बेटे की भी गई जान
कुछ देर बाद उनका पुत्र सुमित खेत पर पहुंचा। पिता को करंट की चपेट में देखकर उसने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी तार में दौड़ रहे करंट की चपेट में आ गया। हादसे में सुमित की भी जान चली गयी। कुछ समय बाद खेतों की ओर पहुंचे ग्रामीणों ने पिता-पुत्र के शव पड़े देखे। उन्होंने तत्काल पुलिस और परिवार के लोगों को सूचना दी। सुमित तीन भाइयों में था। उसके भाई अनिल और शिवकुमार हैं, जबकि एक बहन अविवाहित है। सुमित की पत्नी मीना हादसे के बाद सदमे में हैं। उनके तीन महीने का बेटा अनुराग और दो साल की बेटी आरती है।
गांव में पसरा मातम
जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को घर ले आए। हादसे से गांव में भी मातम पसरा हुआ हैं। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और आगे की कार्रवाई शुरू की। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।











