गोरखपुर में करंट लगने से मासूम की मौत: मोबाइल चार्जर लेने गया था बच्चा, बिजली के तार से चिपका मिला

उत्तरप्रदेश|
मोबाइल चार्जर लेने गया था बच्चा, बिजली के तार से चिपका मिला

खोराबार क्षेत्र के डांगीपार में निर्माणाधीन भवन में करंट लगने से बालक की मौत हो गई। वह रामगुलाम राय शिक्षण प्रशिक्षण महाविद्यालय के निर्माणाधीन भवन में अपनी मां के साथ रहता था। परिजनों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी और खुले बिजली के तार पड़े थे। हादसे के बाद पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

चिलुआताल थाना क्षेत्र के टेनुइया निवासी अंकुश की मां लीलावती देवी निर्माण स्थल पर मजदूरी करती हैं। वह बच्चों के साथ वहीं रहती थीं। एक मजदूर ने अंकुश को विद्युत बोर्ड में लगा मोबाइल चार्जर लाने के लिए भेजा था। बच्चा बोर्ड के पास पहुंचा तो वहां मौजूद खुले तारों की चपेट में आ गया। परिजनों का कहना है कि निर्माण स्थल पर कई जगह बिजली के नंगे तार पड़े हुए थे।

परिवार में मचा कोहराम

लीलावती देवी ने बताया कि शोर सुनकर वह ऊपर से नीचे पहुंचीं। वहां अंकुश बिजली के तार से चिपका हुआ था। उन्होंने किसी तरह उसे तार से अलग किया। इसके बाद स्थानीय लोगों और मजदूरों की मदद से बच्चे को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। अंकुश अपनी मां का इकलौता बेटा था।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठाए सवाल

परिजनों ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि मजदूर खुले तारों के बीच काम करते थे। इसके अलावा वहां काम करने वाले मजदूर अक्सर अंकुश से पान, गुटखा और अन्य सामान मंगवाते थे। लीलावती ने ठेकेदार और कर्मचारियों के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।

मौके पर पहुंची पुलिस

अंकुश के पिता संतोष निषाद करीब दो महीने पहले मजदूरी करने मुंबई गए थे। आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण लीलावती निर्माण स्थल पर रहकर काम करती थीं। उनकी बेटी रिया और बेटी रागिनी रिश्तेदारों के यहां रहती हैं। घटना की सूचना पर सीओ और खोराबार थाना प्रभारी सुधांशु सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। निर्माण कार्य ठेकेदार अंबिका निषाद की साइट पर चल रहा था।

जांच के आधार पर होगी कार्रवाई

खोराबार थाना प्रभारी सुधांशु सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में बच्चे की मौत करंट लगने से होने की बात सामने आई है। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।