बलिया में पति ने की पत्नी और सास की हत्या: बेटे को चारपाई से उठाकर फेंका, छत के रास्ते घर में घुसा आरोपी

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में शनिवार देर रात एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक युवक ने अपनी 23 वर्षीय पत्नी और सास की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात इतनी क्रूर थी कि आरोपी ने अपने तीन साल के मासूम बेटे को भी चारपाई से उठाकर फेंक दिया जिससे वह घायल हो गया। बीच-बचाव करने आए ससुर पर भी आरोपी ने चाकू से हमला किया। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
यह घटना नगरा पुलिस स्टेशन एरिया के बछईपुर गांव की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अमित गुप्ता रात में अपने ससुराल पहुंचा। उसने घर से कुछ दूरी पर बाइक खड़ी की। इसके बाद छत के रास्ते चुपके से घर में घुस गया। घर के अंदर पहुंचते ही उसने सो रहे परिवार पर हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया।
पत्नी और सास की आन-द-स्पॉट मौत
हमले में आरोपी ने सबसे पहले पत्नी प्रीति पर हमला किया। उसने चाकू से उसका गला रेत दिया। इसके बाद उसकी मां सुशीला देवी पर भी हमला किया। उनके पेट और गर्दन पर कई वार किए गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घर में मौजूद अन्य लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
मासूम बेटे को भी नहीं बख्शा
वारदात के दौरान आरोपी ने अपने तीन साल के बेटे को भी नहीं छोड़ा। बच्चे के रोने पर उसने उसे चारपाई से उठाकर जमीन पर फेंक दिया। इससे बच्चे को गंभीर चोटें आईं। उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
ससुर पर भी किया जानलेवा हमला
जब ससुर अंतू गुप्ता ने आरोपी को रोकने की कोशिश की तो उसने उन पर भी हमला कर दिया। कंधे और पेट में कई वार किए गए। घायल हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
चार पहले की थी लव मैरिज
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अमित और प्रीति ने चार साल पहले प्रेम विवाह किया था। शुरुआत में परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था लेकिन बाद में मान गया। शादी के बाद आरोपी ने ससुराल पक्ष से कार की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर वह पत्नी के साथ मारपीट करता था। करीब 10 दिन पहले भी उसने पत्नी पर चाकू से हमला किया था। इसके बाद प्रीति अपने मायके आ गई थी और वापस जाने से इनकार कर रही थी।
गुस्से में उठाया खौफनाक कदम
बताया जा रहा है कि पत्नी के ससुराल लौटने से इनकार करने पर आरोपी नाराज था। इसी गुस्से में उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। परिजनों के मुताबिक वह शराब पीने का आदी था और अक्सर झगड़ा करता था।
एसपी ओमवीर सिंह ने कहा कि-
" मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपी को अरेस्ट करने के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं। उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पीएसी तैनात कर दी गई है। "
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










