गोरखपुर जिला अस्पताल में खुलेगी प्रेरणा कैंटीन: तीमारदारों को मिलेगा सस्ता-पौष्टिक भोजन, आजीविका मिशन के तहत होगा संचालन

उत्तरप्रदेश|2 घंटे पहले
तीमारदारों को मिलेगा सस्ता-पौष्टिक भोजन, आजीविका मिशन के तहत होगा संचालन

जिला अस्पताल में मरीजों के साथ आने वाले तीमारदारों को जल्द ही अस्पताल परिसर में ही किफायती और गुणवत्तापूर्ण भोजन की सुविधा मिलने लगेगी। अस्पताल प्रशासन ने 'प्रेरणा कैंटीन' शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है। कैंटीन बनने के बाद लोगों को भोजन के लिए अस्पताल से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। यहां कम कीमत पर शुद्ध और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि परियोजना पर जल्द काम शुरू कर आम जनता के लिए सुविधा उपलब्ध करा दी जाएगी।

अस्पताल के एसआईसी डॉ. ओपी सिंह ने बताया कि कैंटीन निर्माण की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके लिए प्रशासन ने न्यू ओपीडी भवन के बगल स्थित खाली भूमि आवंटित कर दी है। निर्धारित स्थान पर जल्द निर्माण कार्य शुरू होगा। अस्पताल प्रशासन का उद्देश्य मरीजों के परिजनों को परिसर के भीतर ही बेहतर भोजन उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें बाहर के होटल और ढाबों पर निर्भर न रहना पड़े।

समूह की महिलाओं को सौंपी जाएगी जिम्मेदारी

यह कैंटीन राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत संचालित की जाएगी। इसके संचालन की जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को सौंपी जाएगी। इससे स्थानीय महिलाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा। वहीं, अस्पताल आने वाले लोगों को घर जैसा साफ-सुथरा और पौष्टिक भोजन उचित कीमत पर उपलब्ध हो सकेगा। वर्तमान में तीमारदारों को बाहर महंगे और गुणवत्ता को लेकर असंतोषजनक भोजन पर निर्भर रहना पड़ता है। नई व्यवस्था से समय और खर्च, दोनों की बचत होने की उम्मीद है।

तीमारदारों ने जताई राहत

मरीजों के तीमारदारों ने बताया कि अस्पताल से मरीज को तो भोजन मिल जाता है। लेकिन उन्हें बाहर का खाना खाना पड़ता है। परिसर में कैंटीन शुरू होने से काफी राहत मिलेगी। शुद्ध और पौष्टिक भोजन मिलने से बाहर का खाना खाने की मजबूरी हमेशा के लिए समाप्त हो जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।