मिर्जापुर में टायर फटते ही घर में घुसा बेकाबू ट्रक: 3 की मौत, मकान के अंदर सो रहे थे लोग

उत्तरप्रदेश|1 घंटा पहले
3 की मौत, मकान के अंदर सो रहे थे लोग

वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने मकान में जा घुसा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक का टायर फटने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। हादसे में घर के भीतर सो रहे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। घटना अहरौरा थाना क्षेत्र के कुदारन गांव के पास हुई।

हादसे में राजा (50), चंद्रतरा देवी (50) और सुखिया देवी (65) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 12 वर्षीय सुहानी और सुनील शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि ट्रक वाराणसी से सोनभद्र की ओर जा रहा था। इसी दौरान टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर सीधे मकान में घुस गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि घर के भीतर सो रहे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

क्रेन से हटाया गया ट्रक

सूचना मिलने पर अहरौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से क्रेन बुलाकर ट्रक हटाया गया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर भेजा गया।

पुलिस ने सीज किया वाहन

थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा ने घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी। इसके बाद एडिशनल एसपी और मड़िहान क्षेत्राधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।