अब इंस्टामार्ट से घर आएगा एलपीजी सिलेंडर: महज 45 मिनट में होगी डिलीवरी, बिना पुराने कनेक्शन के भी कर सकेंगे ऑर्डर

1 घंटा पहले
महज 45 मिनट में होगी डिलीवरी, बिना पुराने कनेक्शन के भी कर सकेंगे ऑर्डर

क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म स्विगी इंस्टामार्ट ने एलपीजी सिलेंडर की ऑन-डिमांड डिलीवरी शुरू करने के लिए हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के साथ साझेदारी की है। इस नई सुविधा के तहत ग्राहक अब इंस्टामार्ट ऐप के जरिए एलपीजी सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे। दोनों कंपनियों ने इस सेवा की घोषणा की। क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी के लिए इसे देश की पहली ऐसी साझेदारी बताया जा रहा है। शुरुआती चरण में यह सेवा कर्नाटक के बेंगलुरु में उपलब्ध होगी, जहां ग्राहकों तक 30 से 45 मिनट के भीतर सिलेंडर पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

नई सेवा के तहत ग्राहक एचपीसीएल के दो प्रकार के एलपीजी सिलेंडर बुक कर सकेंगे। इनमें हाल ही में लॉन्च किया गया 10 किलोग्राम का कंपोजिट 'एचपी नव्या' सिलेंडर और पांच किलोग्राम का पारंपरिक लोहे का एलपीजी सिलेंडर शामिल है। कंपनी का कहना है कि दोनों विकल्प अलग-अलग जरूरतों वाले उपभोक्ताओं को ध्यान में रखकर उपलब्ध कराए गए हैं।

अस्थायी यूजर्स को भी मिलेगी सुविधा

इस सेवा की एक खास विशेषता यह है कि इन सिलेंडरों को खरीदने के लिए ग्राहकों के पास पहले से घरेलू एलपीजी कनेक्शन होना जरूरी नहीं होगा। ऐसे लोग, जो हाल ही में नए शहर में रहने आए हैं या जिन्हें तत्काल गैस सिलेंडर की आवश्यकता है, वे भी सीधे इंस्टामार्ट ऐप के माध्यम से ऑर्डर कर सकेंगे। इससे अस्थायी या कम अवधि के उपयोगकर्ताओं को भी सुविधा मिलेगी।

विस्तार की समयसीमा अभी तय नहीं

वर्तमान में स्विगी इंस्टामार्ट देश के 131 से अधिक शहरों में 50 हजार से ज्यादा उत्पादों की डिलीवरी कर रहा है। एलपीजी डिलीवरी सेवा शुरू करना कंपनी की हाई-ट्रस्ट कैटेगरी में विस्तार की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। वहीं एचपीसीएल के लिए यह साझेदारी अपने वितरण नेटवर्क को तकनीक आधारित नए प्लेटफॉर्म तक पहुंचाने की दिशा में अहम कदम है। हालांकि दोनों कंपनियों ने फिलहाल बेंगलुरु के बाहर इस सेवा के विस्तार की कोई समयसीमा घोषित नहीं की है।

क्या है कंपोजिट सिलेंडर की खासियत?

कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर पारंपरिक स्टील या लोहे के सिलेंडरों की तुलना में काफी हल्के होते हैं। इन्हें तीन परतों वाले फाइबरग्लास मटेरियल से तैयार किया जाता है। इससे इनमें जंग लगने की संभावना नहीं रहती और गैस रिसाव का जोखिम भी कम होता है। कम वजन और आधुनिक डिजाइन के कारण ये सिलेंडर शहरी घरों और आधुनिक रसोई के लिए अधिक सुविधाजनक माने जाते हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।