कार्डिफ में सीरीज जीतने उतरेगा भारत: 15 साल का रिकॉर्ड बचाने की चुनौती, टीम इंडिया को 1-0 की बढ़त

इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे श्रृंखला में बढ़त बना चुकी भारतीय टीम गुरुवार को कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स मैदान पर दूसरे मुकाबले में सीरीज अपने नाम करने के इरादे से उतरेगी। पहला वनडे छह विकेट से जीतने के बाद भारत 1-0 से आगे है। दूसरा मुकाबला जीतने पर भारत इंग्लैंड के खिलाफ लगातार चौथी वनडे सीरीज अपने नाम कर लेगा। इससे पहले भारत ने 2021 में घरेलू मैदान पर 2-1, 2022 में इंग्लैंड में 2-1 और 2025 में भारत में 3-0 से श्रृंखला जीती थी। कार्डिफ में टीम इंडिया का रिकॉर्ड भी मजबूत रहा है, जहां वह पिछले 15 वर्षों से वनडे मुकाबला नहीं हारी है। इस मैदान पर भारत की पिछली हार 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ दर्ज हुई थी।
भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक 111 वनडे खेले जा चुके हैं। इनमें भारत ने 62 जबकि इंग्लैंड ने 44 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। दो मैच टाई और तीन बेनतीजा रहे। खास बात यह है कि भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ लगातार पिछले छह वनडे मुकाबले अपने नाम किए हैं। हालांकि कार्डिफ में इंग्लैंड का रिकॉर्ड बेहतर रहा है, जहां उसने 14 में से 10 मुकाबले जीते हैं।
शानदार फॉर्म में गिल और प्रसिद्ध
भारतीय कप्तान शुभमन गिल इस साल वनडे क्रिकेट में टीम के सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने सात मैचों में 453 रन बनाए हैं। पहले वनडे में भी उन्होंने 80 रन की कप्तानी पारी खेली थी। काफ में हल्का खिंचाव आने के कारण वह रिटायर्ड हर्ट हुए थे, लेकिन दूसरे मुकाबले में उनके खेलने की संभावना है। अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर ने पहले मैच में नाबाद अर्धशतक लगाकर टीम को जीत दिलाई थी, जबकि अक्षर ने चार विकेट भी हासिल किए। गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा इस वर्ष भारत के लिए सबसे सफल रहे हैं। वहीं विश्व कप फाइनल के बाद वनडे में वापसी करने वाले जसप्रीत बुमराह ने भी पहले मुकाबले में नई गेंद से इंग्लैंड पर दबाव बनाया और हैरी ब्रूक का महत्वपूर्ण विकेट लिया।
इंग्लैंड को रूट और राशिद से उम्मीद
इंग्लैंड की बल्लेबाजी का मुख्य आधार जो रूट हैं, जिन्होंने इस वर्ष चार वनडे में 323 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में आदिल राशिद ने चार मैचों में सात विकेट लेकर प्रभाव छोड़ा है। पहले वनडे में इंग्लैंड ने बिना विकेट खोए 61 रन बनाए थे, लेकिन 27 गेंदों में पांच विकेट गंवाने के बाद टीम दबाव में आ गई। रूट और लियाम डॉसन की 121 रन की साझेदारी के बावजूद टीम 258 रन तक ही पहुंच सकी।
बल्लेबाजों के अनुकूल पिच
कार्डिफ की पिच शुरुआत में तेज गेंदबाजों को सीम और उछाल देती है, जबकि बाद में बल्लेबाजी आसान हो जाती है। पिछले 10 वर्षों में यहां खेले गए 12 वनडे में आठ बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम विजयी रही है। मौसम साफ रहने और बारिश की संभावना नहीं होने से पूरे 50 ओवर का मुकाबला होने की उम्मीद है। भारतीय टीम में बड़े बदलाव की संभावना कम है, जबकि इंग्लैंड अतिरिक्त तेज गेंदबाज के साथ उतर सकता है।











