26 घंटे में तीन कत्ल करने वाला साइको किलर ढेर: एनकाउंटर में खत्म हुआ खूनी खेल, सीन रीक्रिएट के दौरान छीनी पिस्टल

उत्तर प्रदेश में सनसनी फैलाने वाला साइको किलर सोमवार देर रात मारा गया। आरोपी ने चलती ट्रेन और अस्पताल में तीन हत्याएं की थीं। पुलिस एनकाउंटर में उसकी मौत हो गई। आरोपी की पहचान अमृतसर निवासी गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई। उसकी उम्र करीब 45 साल बताई गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी बेहद हिंसक और मानसिक रूप से अस्थिर था। लगातार हो रही हत्याओं से पुलिस अलर्ट पर थी। पूरे प्रदेश में आरोपी की तलाश चल रही थी।
चंदौली एसपी आकाश पटेल ने बताया कि आरोपी को सोमवार रात घटनास्थल ले जाया गया था। पुलिस टीम उससे वारदात का सीन रीक्रिएट करा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने एक पुलिस अधिकारी की पिस्टल छीन ली। इसके बाद उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दो पुलिसकर्मी घायल भी हो गए। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में आरोपी के सिर और सीने में गोली लगी। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
26 घंटे में तीन हत्याओं से दहला इलाका
गुरप्रीत सिंह ने 26 घंटे के भीतर तीन लोगों की हत्या की थी। तीनों वारदातों का तरीका बिल्कुल एक जैसा था। आरोपी सीधे कनपटी पर गोली मारता था। पहली हत्या रविवार सुबह हुई थी। आरोपी पैसेंजर ट्रेन में सफर कर रहा था। किसी बात पर यात्री मंगरू से विवाद हुआ। आरोपी ने कनपटी पर गोली मार दी। इसके बाद बॉडी रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। दूसरी हत्या रविवार रात जम्मूतवी एक्सप्रेस में हुई। आरोपी ने बिहार निवासी दिनेश साहू को गोली मार दी। दिनेश बाथरूम की तरफ जा रहे थे। आरोपी ने अचानक कनपटी पर गोली दाग दी। इसके बाद ट्रेन धीमी होने पर फरार हो गया। लगातार दूसरी हत्या के बाद पुलिस को शक हुआ कि दोनों वारदातें एक ही व्यक्ति ने की हैं।
अस्पताल में महिला की हत्या से मचा हड़कंप
तीसरी वारदात सोमवार सुबह हुई। आरोपी जीवक अस्पताल में घुस गया। वहां बेड पर भर्ती महिला को निशाना बनाया। आरोपी ने महिला की कनपटी पर पिस्टल सटाई। इसके बाद गोली मार दी। अस्पताल में चीख-पुकार मच गई। आरोपी भागने की कोशिश करने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। भीड़ ने जमकर पिटाई की। बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। पिटाई में आरोपी घायल हो गया था। पुलिस ने पहले उसका इलाज कराया। जब आरोपी बोलने की हालत में आया, तब पूछताछ शुरू हुई। पुलिस ने हत्या की वजह पूछी। आरोपी ने बेहद चौंकाने वाला जवाब दिया। उसने कहा कि “मैं मन का राजा हूं।” उसने कहा कि शराब पीने के बाद उसे होश नहीं रहता। जो मन करता है, वही करता हूं। आरोपी ने खुद कबूल किया कि वह कई लोगों को मार चुका है।
आर्मी से रिटायर था आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि गुरप्रीत छह साल पहले आर्मी से रिटायर हुआ था। उसके बाद उसकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई। वह इधर-उधर भटकने लगा। शराब की लत बढ़ गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी का कोई स्थायी ठिकाना नहीं था। वह लगातार शहर बदलता रहता था। पीडीडीयू नगर के सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी शराब पीने के बाद हिंसक हो जाता था। लोगों से झगड़ा करता था। शुरुआती जांच में उसका व्यवहार साइको जैसा लगा। पुलिस का कहना है कि आरोपी मानसिक संतुलन खो चुका था।
नौकरी छूटने के बाद बढ़ी हिंसक प्रवृत्ति
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी हाल ही में बिहार के आरा गया था। वहां वह गार्ड की नौकरी कर रहा था। शराब पीकर हंगामा करने की वजह से नौकरी से निकाल दिया गया। इसके बाद वह लगातार परेशान रहने लगा। नौ मई से वह अलग-अलग ट्रेनों में घूम रहा था। प्रयागराज, चंदौली और आसपास के इलाकों में उसका मूवमेंट मिला।
एक जैसी हत्या से पुलिस को मिला सुराग
पुलिस को दूसरे मर्डर के बाद बड़ा सुराग मिला। दोनों वारदातों में कनपटी पर गोली मारी गई थी। तरीका एक जैसा था। इसके बाद पुलिस ने मान लिया कि हत्यारा एक ही है। जांच का दायरा बढ़ाया गया। रेलवे स्टेशन, ट्रेनों और अस्पतालों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। आखिरकार अस्पताल में हुई तीसरी हत्या के बाद आरोपी पकड़ में आ गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। पुलिस अब आरोपी के पुराने रिकॉर्ड और मानसिक स्थिति की जांच कर रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










