बलिया में प्राइमरी स्कूल के प्रिंसिपल की शर्मनाक करतूत: पांच साल की बच्ची से गलत हरकत; जेल भेजा गया आरोपी

बलिया के सिकंदरपुर इलाके से एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां एक प्राइमरी स्कूल के प्रिंसिपल पर पांच साल की बच्ची के साथ गलत हरकत करने का आरोप लगा है। आरोपी ने बच्ची को चॉकलेट देने का लालच दिया। उसे अपने पास बुलाया। फिर बहला-फुसलाकर स्कूल के बाथरूम में ले गया। वहीं उसने बच्ची के साथ अश्लील हरकत की। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। छोटे-छोटे बच्चों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। परिवार और ग्रामीणों में गुस्सा है।
घटना 28 अप्रैल की है। बच्ची स्कूल से घर लौटी तो बेहद चुप थी। वह गुमसुम बैठी रही। किसी से बात नहीं की। मां ने पहले इसे सामान्य समझा। सोचा कि शायद स्कूल में डांट पड़ी होगी। लेकिन जब दो दिन तक बच्ची का व्यवहार ऐसा ही रहा, तो मां को शक हुआ। उसने प्यार से बच्ची से बात की। तब बच्ची रो पड़ी। उसने पूरी घटना बताई। बच्ची ने बताया कि प्रिंसिपल कई बार उसके साथ गलत हरकत कर चुका है। उसने यह भी कहा कि एक और बच्ची के साथ भी ऐसी घटना हो चुकी है। यह सुनकर परिवार के होश उड़ गए।
20 साल से एक ही स्कूल में तैनात था आरोपी
परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पहले डायल 112 पर कॉल किया गया। फिर थाने में लिखित शिकायत दी गई। जांच में सामने आया कि आरोपी प्रिंसिपल फैजुल्लाह अंसारी करीब 20 साल से उसी स्कूल में तैनात था। वह इलाके का ही रहने वाला है। पुलिस ने बच्ची का बयान दर्ज किया। मेडिकल जांच कराई गई। इसके बाद आरोपी को अरेस्ट कर लिया गया। उसे कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी
सीओ रसड़ा / सिकंदरपुर आलोक कुमार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। बच्ची की मेडिकल जांच कराई गई है। सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने अन्य बच्चों के साथ भी ऐसा किया है। स्कूल प्रबंधन की भूमिका भी जांच के दायरे में है। इस घटना के बाद अभिभावकों में डर और आक्रोश है। लोग स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर सख्त व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










