बेटे की बर्थडे पार्टी बनी खूनी संघर्ष का मैदान: दामाद ने ससुराल में बरसाईं गोलियां, सास-सरहज समेत तीन महिलाएं घायल

उत्तरप्रदेश|1 घंटा पहले
दामाद ने ससुराल में बरसाईं गोलियां, सास-सरहज समेत तीन महिलाएं घायल

मुजफ्फरनगर के पॉश इलाके पंचशील कॉलोनी में सोमवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बेटे की जन्मदिन पार्टी के दौरान एक कारोबारी दामाद ने अपनी ससुराल में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस सनसनीखेज वारदात में आरोपी की सास, सरहज और चाची सास गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद पार्टी में मौजूद रिश्तेदारों और मेहमानों में चीख-पुकार मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए घर से बाहर भागने लगे, जबकि कुछ ने कमरों में छिपकर खुद को सुरक्षित किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को लाइसेंसी रिवॉल्वर समेत अरेस्ट कर लिया है। तीनों घायल महिलाओं को पहले जिला अस्पताल और बाद में गंभीर हालत में मेरठ रेफर कर दिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अनंत मित्तल का अपनी पत्नी राधिका मित्तल से पिछले कई वर्षों से विवाद चल रहा था। दोनों ने करीब 14 वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा। करीब सात साल से दोनों अलग रह रहे हैं और फिलहाल तलाक और बेटे की कस्टडी का मामला कोर्ट में लंबित है। उनका 12 वर्षीय बेटा यशराज फिलहाल पिता अनंत के साथ देहरादून में रह रहा है। कोर्ट के निर्देश पर अनंत हर महीने बेटे को मां से मिलाने मुजफ्फरनगर लाता था। सोमवार को यशराज का जन्मदिन होने के कारण परिवार में पार्टी आयोजित की गई थी। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच पुरानी बातों को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जिसने कुछ ही मिनटों में हिंसक रूप ले लिया।

बीच-बचाव करने पहुंचीं महिलाएं बनीं निशाना

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ता देख राधिका की मां क्षमा मित्तल और बहन अपूर्वा मित्तल बीच-बचाव करने पहुंचीं। इसी दौरान अनंत अचानक घर के बाहर खड़ी अपनी कार तक गया और वहां से लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाल लाया। इसके बाद उसने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली सास क्षमा मित्तल के कंधे में लगी, जबकि दूसरी गोली सरहज अपूर्वा मित्तल के पेट में जा धंसी। दोनों को बचाने आईं चाची सास सविता मित्तल भी आरोपी की गोलीबारी का शिकार हो गईं। गोली लगते ही तीनों महिलाएं फर्श पर गिर पड़ीं और दर्द से कराहने लगीं। बताया जा रहा है कि आरोपी लगातार चिल्लाते हुए परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा था।

रिवॉल्वर जाम होने से बचीं जानें

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी ने करीब 12 मिनट के भीतर पांच राउंड फायरिंग की। जांच में यह भी सामने आया कि रिवॉल्वर के चैंबर में दो गोलियां फंस जाने के कारण वह और फायर नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी के पास से आठ जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। एफएसएल टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। शुरुआती जांच में यह मामला पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव से जुड़ा माना जा रहा है। वहीं घायल महिलाओं की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज मेरठ के निजी अस्पताल में चल रहा है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।