सीतापुर में चलती बस से गिरी महिला टीचर की मौत: थूकने के दौरान बिगड़ा बैलेंस, एक हाथ से थीं दिव्यांग

उत्तरप्रदेश|29 मई 2026
थूकने के दौरान बिगड़ा बैलेंस, एक हाथ से थीं दिव्यांग

जिले में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला टीचर की मौत हो गई। वह चलती रोडवेज बस से नीचे गिर गईं। महिला पानी पीने के बाद बस के गेट पर थूकने के लिए पहुंची थीं। जैसे ही उन्होंने बस के बाहर मुंह किया। तभी तेज रफ्तार बस में जोरदार झटका लगा और उनका बैलेंस बिगड़ गया। देखते ही देखते वह सड़क पर जा गिरीं। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। यात्रियों में अफरा-तफरी फैल गई। बस चालक ने तुरंत ब्रेक लगाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। महिला को गंभीर चोटें आई थीं। उनका सिर फट गया था और सड़क पर खून फैल गया था। घायल हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक महिला की पहचान महमूदाबाद के सरावगी टोला निवासी विभा गुप्ता (40) के रूप में हुई है। वह पिसावां स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में सहायक अध्यापिका थीं। परिवार के मुताबिक विभा दाहिने हाथ से दिव्यांग थीं। उनकी शादी नहीं हुई थी। परिवार में माता-पिता और बड़ा भाई हैं। शुक्रवार सुबह वह महमूदाबाद से सीतापुर जाने वाली रोडवेज बस में सवार हुई थीं। बताया गया कि वह सिधौली में रहने वाले रिश्तेदार के घर जा रही थीं। बस में उन्हें दरवाजे के सामने वाली सीट मिली थी। सफर के दौरान वह सामान्य तरीके से यात्रा कर रही थीं। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर बाद इतना बड़ा हादसा हो जाएगा।

पानी पीने के बाद थूकने गईं

जानकारी के अनुसार दोपहर करीब डेढ़ बजे रोडवेज बस रामपुरकलां थाना क्षेत्र के पट्टी गांव के सामने बिसवां-महमूदाबाद मार्ग से गुजर रही थी। उसी दौरान विभा ने पानी पिया और फिर थूकने के लिए बस के दरवाजे के पास पहुंच गईं। बस की स्पीड तेज बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक बस में जोरदार झटका लगा। विभा एक हाथ से दिव्यांग थीं, इसलिए वह हैंडल को मजबूती से पकड़ नहीं सकीं। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सड़क पर जा गिरीं। कंडक्टर ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। बस की रफ्तार ज्यादा होने के कारण महिला सड़क पर दूर तक घिसट गईं और उनके सिर में गंभीर चोट आई।

हादसे के बाद मचा हड़कंप

घटना होते ही बस में बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया। कई यात्री डर गए। कुछ लोग सीटों से उठकर दरवाजे की तरफ दौड़े। चालक ने तुरंत बस रोकी। स्थानीय लोगों की भीड़ भी मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एंबुलेंस की मदद से घायल अध्यापिका को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहला भेजा गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

ड्राइवर और कंडक्टर से पूछताछ में जुटी पुलिस

पुलिस ने हादसे के बाद बस चालक और कंडक्टर से पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि संतुलन बिगड़ने की वजह से महिला बस से नीचे गिरीं। हालांकि पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। प्रभारी निरीक्षक लल्ला गोस्वामी ने बताया कि पानी थूकने के दौरान महिला का बैलेंस अचानक बिगड़ गया था। गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। पुलिस यात्रियों के बयान भी दर्ज कर रही है। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। तहरीर और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।