दुधवा में दो बाघों की भिड़ंत: बीच सड़क पर दिखा वर्चस्व का खतरनाक खेल, सफारी के दौरान अचानक आ गए सामने

उत्तरप्रदेश|29 मई 2026
बीच सड़क पर दिखा वर्चस्व का खतरनाक खेल, सफारी के दौरान अचानक आ गए सामने

लखीमपुर के दुधवा टाइगर रिजर्व में दो बाघों के बीच जबरदस्त भिड़ंत देखने को मिली। दोनों बाघ अचानक जंगल की झाड़ियों से निकलकर सड़क पर आ गए। इसके बाद ऐसा नजारा दिखा, जिसने वहां मौजूद पर्यटकों की सांसें रोक दीं। दोनों बाघ आमने-सामने खड़े हो गए। कुछ देर तक एक-दूसरे की आंखों में आंख डालकर घूरते रहे। फिर अपने पिछले पैरों पर खड़े होकर शक्ति प्रदर्शन करने लगे। दोनों के बीच करीब एक मिनट तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। ऐसा लग रहा था मानो जंगल में वर्चस्व की लड़ाई चल रही हो। खास बात यह रही कि यह पूरा घटनाक्रम घने जंगल के अंदर नहीं, बल्कि सफारी रूट के बीच सड़क पर हुआ। वहां मौजूद टूरिस्टों ने तुरंत अपने मोबाइल कैमरे निकाल लिए और इस दुर्लभ नजारे को रिकॉर्ड कर लिया। अब इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक दुधवा टाइगर रिजर्व में पर्यटकों की कई गाड़ियां जंगल सफारी के लिए निकली थीं। सैलानी जिप्सी में बैठकर जंगल का आनंद ले रहे थे। तभी रास्ते में अचानक दो बाघ आ गए। शुरुआत में दोनों शांत दिखाई दिए। वे सड़क के बीच खड़े होकर एक-दूसरे को लगातार घूरते रहे। कुछ ही सेकेंड बाद माहौल बदल गया। दोनों बाघ आक्रामक हो गए। उन्होंने दहाड़ना शुरू कर दिया। फिर एक बाघ अपने पिछले पैरों पर खड़ा हो गया। वह खुद को बड़ा और ताकतवर दिखाने की कोशिश कर रहा था। इसके जवाब में दूसरा बाघ भी खड़ा हो गया। दोनों ने एक-दूसरे को पंजों से टक्कर मारी। इस दौरान वहां मौजूद पर्यटक रोमांच और डर दोनों महसूस करते रहे।

पर्यटकों ने कैमरे में कैद किया रोमांचक नजारा

सड़क पर खड़ी सफारी गाड़ियों में बैठे लोग इस दृश्य को बेहद करीब से देख रहे थे। किसी ने भी गाड़ी से बाहर निकलने की कोशिश नहीं की। सभी लोग शांत बैठे रहे और वीडियो बनाते रहे। बाघों की दहाड़ पूरे जंगल में गूंजती रही। कुछ देर बाद दोनों बाघ अलग हो गए और जंगल की तरफ लौट गए। हालांकि वीडियो कब का है, इसे लेकर अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। फिर भी यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वन्यजीव प्रेमी इसे दुधवा के सबसे रोमांचक दृश्यों में से एक बता रहे हैं।

विशेषज्ञ बोले- इलाके पर कब्जे के लिए होती हैं ऐसी भिड़ंत

वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि बाघ अक्सर अपने इलाके और वर्चस्व को लेकर आक्रामक हो जाते हैं। जंगल में अपनी मौजूदगी दिखाने के लिए वे दहाड़ते हैं। पेड़ों को खरोंचते हैं। कई बार आमने-सामने आकर शक्ति प्रदर्शन भी करते हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक यह उनका प्राकृतिक व्यवहार है। दुधवा टाइगर रिजर्व में हाल के दिनों में बाघों की गतिविधियां लगातार बढ़ी हैं। यही वजह है कि यहां आने वाले पर्यटकों को अक्सर रोमांचक दृश्य देखने को मिल जाते हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।