सिद्धार्थनगर में जल्द होगा पर्पल फेयर: दिव्यांगों को मिलेगा रोजगार, मुख्यधारा से जोड़ना प्राथमिकता

जिले के दिव्यांगजनों को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जल्द ही ‘पर्पल फेयर’ (रोजगार मेला) आयोजित किया जाएगा। कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग की विभिन्न समितियों की संयुक्त बैठक में यह निर्णय लिया गया। डीएम ने संबंधित विभागों को मेले की सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएम ने कहा कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ रोजगार मेले की तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक दिव्यांगजन इसका लाभ उठा सकें।
सुविधाओं और लंबित आवेदनों के निस्तारण के निर्देश
डीएम ने मुख्य चिकित्साधिकारी को दिव्यांग बोर्ड में आने वाले लोगों के लिए स्वच्छ पेयजल, रैंप और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही स्वावलंबन कार्ड पोर्टल पर लंबित सभी आवेदनों का शत-प्रतिशत निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में दिव्यांग प्रकोष्ठ गठित करने को भी कहा, ताकि दिव्यांगजनों से जुड़े मामलों का त्वरित और प्रभावी समाधान हो सके।
बैठक में मौजूद अधिकारी
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक नौगढ़, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला सेवायोजन अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, संचित विकास संस्थान के प्रबंधक, सिद्धार्थ महाविद्यालय के प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










