फतेहपुर में चाय की दुकान पर छापेमारी से मचा बवाल: अखिलेश यादव ने इस दुकान पर पी थी चाय, फूड सेफ्टी टीम ने लिए सैंपल

उत्तरप्रदेश|18 अप्रैल 2026
अखिलेश यादव ने इस दुकान पर पी थी चाय, फूड सेफ्टी टीम ने लिए सैंपल

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में एक साधारण चाय की दुकान पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। गुरुवार, 16 अप्रैल को हुई इस कार्रवाई के बाद मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इसकी वजह यह है कि इसी दुकान पर करीब दो महीने पहले समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने चाय पी थी।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुकान पर पहुंचकर चाय के नमूने लिए और जांच के लिए भेज दिए। टीम ने यह भी पूछा कि चाय एल्यूमिनियम के बर्तनों में क्यों बनाई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर की गई है, जिसमें मानकों का पालन न होने की बात कही गई थी।

दुकानदार ने लगाया उत्पीड़न का आरोप

दुकान मालिक शेषमन यादव ने विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उन्हें जानबूझकर परेशान किया जा रहा है। उनका कहना है कि जब से अखिलेश यादव उनकी दुकान पर चाय पीने आए थे, तभी से उन्हें लगातार निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा, “अगर एल्यूमिनियम के बर्तन में चाय नहीं बनाएंगे तो क्या सोने-चांदी के बर्तन में बनाएं? हमें बेवजह परेशान किया जा रहा है।”

अखिलेश के दौरे के बाद चर्चा में आई थी दुकान

बताया जा रहा है कि 20 फरवरी को अपने फतेहपुर दौरे के दौरान अखिलेश यादव खागा क्षेत्र में स्थित इस दुकान पर रुके थे। उन्होंने यहां कुल्हड़ में चाय पी और उसकी तारीफ भी की। उनके साथ आए कार्यकर्ताओं ने इस दुकान को इलाके की मशहूर दुकान बताया था। अखिलेश ने अपने सोशल मीडिया पर दुकान के संचालक के बेटे आर्यन यादव के साथ चाय पीते हुए फोटो और वीडियो भी साझा किया था। जिसके बाद से यह दुकान अचानक चर्चा में आ गई।

बेटे ने दुकान बंद करने का किया ऐलान

छापेमारी के बाद दुकानदार के बेटे आर्यन यादव ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए दुकान बंद करने की घोषणा कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ समय से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं और विभागीय अधिकारी भी उन्हें परेशान कर रहे हैं। आर्यन ने लिखा कि वे एक गरीब परिवार से हैं और लगातार दबाव के कारण अब दुकान चलाना मुश्किल हो गया है। जिस कारण वे दुकान बंद कर रहे हैं और गांव छोड़ने तक को मजबूर हो गए हैं।

फूड विभाग का पक्ष: शिकायत के आधार पर कार्रवाई

खाद्य निरीक्षक धीरेंद्र दीक्षित ने कहा कि आईजीआरएस पोर्टल पर मिली शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। शिकायत में कहा गया था कि दुकान पर खाद्य मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। यदि मानक पूरे नहीं पाए गए, तो दुकान को सील भी किया जा सकता है।

पहले नहीं हुई ऐसी कार्रवाई, उठे सवाल

सूत्रों के अनुसार, फतेहपुर में चाय की दुकानों पर इस तरह की कार्रवाई पहले कम ही देखने को मिली है। आमतौर पर विभाग मिठाई की दुकानों या बड़े होटलों और रेस्टोरेंट्स पर ही छापेमारी करता है। इसी कारण इस कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह केवल शिकायत के आधार पर की गई नियमित जांच है या इसके पीछे कोई और कारण भी है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।