बलरामपुर में मां पाटेश्वरी विश्ववि​द्यालय में योग शिविर का आयोजन: शिक्षकों व कर्मचारियों ने किया योग-ध्यान, तनावमुक्त जीवन और सकारात्मक सोच का दिया संदेश

उत्तरप्रदेश|
शिक्षकों व कर्मचारियों ने किया योग-ध्यान, तनावमुक्त जीवन और सकारात्मक सोच का दिया संदेश

मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत केंद्रीय लाइब्रेरी, एडमिन ब्लॉक में योग एवं ध्यान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने योग व ध्यान के विभिन्न अभ्यास किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रवि शंकर सिंह ने कहा कि स्वस्थ मन ही सकारात्मक जीवन की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पढ़ाई, काम और बदलती जीवनशैली के कारण तनाव बढ़ रहा है। ऐसे में योग और ध्यान मानसिक शांति, एकाग्रता तथा सकारात्मक सोच विकसित करने में सहायक हैं। इसके साथ ही विद्यार्थियों से योग व ध्यान को नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

ध्यान से एकाग्रता और आत्मचिंतन पर जोर

मुख्य अतिथि राम बिहारी वाजपेई, प्राचार्य जगजीत इंटर कॉलेज, श्रावस्ती ने ध्यान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित ध्यान व्यक्ति को आत्मनिरीक्षण के साथ मानसिक रूप से शांत और संतुलित रहने में मदद करता है। इसके साथ ही विपश्यना ध्यान केंद्र, श्रावस्ती की ध्यान प्रशिक्षक ऋषभ भार्गव और अर्चना शर्मा ने प्रतिभागियों को ध्यान की विभिन्न विधियों का अभ्यास कराया। केंद्र से राममनोहर वर्मा और सेंटर मैनेजर प्रवीण यंदे ने भी सहभागिता की और ध्यान की उपयोगिता बताई।

सकारात्मक चिंतन का दिया संदेश

ब्रह्मकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय, बलरामपुर की ओर से बीके रविकर भाई ने सकारात्मक चिंतन और आध्यात्मिक चेतना के महत्व पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि नियमित ध्यान और आत्मचिंतन से सकारात्मक ऊर्जा का विकास होता है तथा जीवन में संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती है। बीके मधु दीदी और बीके शकुंतला दीदी ने भी प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। शिविर के दौरान तनावमुक्त जीवन, मानसिक शांति और सकारात्मक सोच को दैनिक जीवन में अपनाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी और कर्मचारी मौजूद रहे।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।