गोरखपुर में धारदार हथियार से युवक पर हमला: रास्ते में खून से लथपथ पड़ा मिला, इलाज के दौरान तोड़ा दम

हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र में धारदार हथियार से हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की सोमवार सुबह बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। पुलिस ने पहले हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया था। लेकिन युवक की मौत के बाद उसमें हत्या की धारा भी जोड़ दी गई है। मामले की जांच तेज कर दी गई है और अज्ञात हमलावरों की तलाश जारी है।
हरपुर बुदहट क्षेत्र के बैदौली गांव के टोला जंगल डिगर सूपा निवासी 30 वर्षीय प्रेमसागर यादव शनिवार शाम करीब छह बजे मोटरसाइकिल से बाजार जाने की बात कहकर घर से निकले थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह बैजलपुर ग्राम पंचायत भवन के पास सड़क किनारे ग्रामीणों ने एक युवक को खून से लथपथ अचेत अवस्था में पड़ा देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसकी पहचान प्रेमसागर यादव के रूप में की।
हालत गंभीर होने पर बीआरडी मेडिकल कॉलेज किया रेफर
पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से पहले सीएचसी सहजनवा पहुंचाया। वहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया और हालत गंभीर होने पर बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान सोमवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उसके सिर पर धारदार हथियार से वार किया गया था।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी
मृतक के पिता ज्ञानेंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि प्रेमसागर की शादी वर्ष 2022 में संतकबीरनगर जिले के महुली थाना क्षेत्र के उसरापार गांव निवासी नेहा यादव से हुई थी। दंपती की कोई संतान नहीं है। एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि पिता की तहरीर पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। युवक की मौत के बाद मुकदमे में हत्या की धारा भी बढ़ा दी गई है। सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपितों की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










