तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से युवक की मौत: चालक फरार, सोशल मीडिया के जरिए पहचान की कोशिश

बघौचघाट थाना क्षेत्र में सोमवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की जान चली गई। हादसा पथरदेवा-बघौचघाट मुख्य मार्ग पर मलसी चौराहे के पास जैदपट्टी गांव के समीप रात करीब 9:30 बजे हुआ। तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बघौचघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरदेवा भेजा। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
पहचान और आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के थानों को सूचना दी गई है। सोशल मीडिया के माध्यम से भी युवक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।
सीसीटीवी फुटेज से सुराग तलाशने की कोशिश
बघौचघाट थानाध्यक्ष अनिल तिवारी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। फरार वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वाहन और चालक की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर पड़ताल कर रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










