विदेश में नौकरी का झांसा देकर भेजा बैंकॉक: तीन दिन तक बंधक बनाने का आरोप, दो भाइयों से वसूले 2.52 लाख रुपये

देवरिया|5 घंटे पहले
तीन दिन तक बंधक बनाने का आरोप, दो भाइयों से वसूले 2.52 लाख रुपये

विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो भाइयों से लाखों रुपये की ठगी और उन्हें बैंकॉक में बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मलेशिया में रोजगार दिलाने का भरोसा देकर आरोपियों ने दोनों युवकों से 2.52 लाख रुपये लिए। लेकिन उन्हें टूरिस्ट वीजा पर बैंकॉक भेज दिया। वहां पहुंचने के बाद कुछ लोगों ने दोनों भाइयों को एक कमरे में बंद कर दिया और तीन दिनों तक खाना तक नहीं दिया। किसी तरह वहां से निकलकर दोनों भारत लौटे। इसके बाद रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर कैंट थाने में तहरीर दी गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव निवासी ज्ञानदास ने पुलिस को बताया कि उनके भाई भगवानदास और गोपालदास विदेश में रोजगार की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान जानकारी मिली कि गोरखपुर के कैंट क्षेत्र के सिंघड़िया निवासी सुग्रीव सिंह और जंगल सखनी निवासी रामानुज यादव विदेश भेजने का काम करते हैं। दोनों का सिंघड़िया में कार्यालय भी है। कार्यालय पहुंचने पर उनकी मुलाकात रामानुज यादव और सूबा बाजार निवासी अमर चौहान से हुई। आरोप है कि तीनों ने मलेशिया में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर रुपये ले लिए।

टूरिस्ट वीजा पर भेज दिया बैंकॉक

पीड़ित के अनुसार, 30 मार्च और 19 अप्रैल 2026 को आरोपियों ने कुल 2 लाख 52 हजार रुपये लिए। इसमें 1 लाख 89 हजार रुपये ऑनलाइन और 63 हजार रुपये नकद दिए गए। रुपये मिलने के दो दिन बाद, 21 अप्रैल को दोनों भाइयों को लखनऊ से बैंकॉक जाने वाली फ्लाइट में टूरिस्ट वीजा पर भेज दिया गया।

मौका मिलते वहां से हुए फरार

पीड़ितों का आरोप है कि बैंकॉक पहुंचते ही वहां पहले से मौजूद कुछ लोग उन्हें अपने साथ ले गए और एक कमरे में बंद कर दिया। तीन दिनों तक उन्हें बाहर नहीं निकलने दिया गया और खाने-पीने की भी समुचित व्यवस्था नहीं की गई। इस दौरान दोनों भाई भय और असमंजस की स्थिति में रहे। बाद में मौका मिलते ही दोनों वहां से भाग निकले और अपने परिजनों से संपर्क किया। परिवार ने रुपये भेजकर उनकी भारत वापसी कराई।

रुपये मांगने पर मिली धमकी

भारत लौटने के बाद जब आरोपियों से रुपये वापस मांगे गए तो उन्होंने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने कैंट थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।