देवरिया में रास्ते के विवाद को लेकर युवक का मर्डर: हमलावरों ने चाकू से किया वार, हमले में चार घायल

रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के नौतन हथियागढ़ गांव में रास्ते के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बाइक से आए हमलावरों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे चार अन्य लोग भी चाकू और लाठी-डंडों के हमले में घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस रोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, नौतन हथियागढ़ गांव निवासी राजू शर्मा (30), पुत्र दशरथ शर्मा गांव में मौजूद थे। इसी दौरान बाइक से पहुंचे तीन लोगों के साथ रास्ते को लेकर विवाद शुरू हो गया। कुछ ही देर में विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि हमलावरों ने राजू शर्मा की गर्दन पर चाकू से कई वार किए। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घायलों का इलाज जारी
राजू शर्मा को बचाने पहुंचे सुधीर कुमार शर्मा (37), पुत्र स्वर्गीय रामनरेश शर्मा, पर भी हमलावरों ने चाकू और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान संजना शर्मा (18), पुत्री हरेराम शर्मा, सरोज शर्मा (18), पुत्री सुदर्शन शर्मा और तारा देवी (50) भी घायल हो गईं। सभी घायलों को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने राजू शर्मा को मृत घोषित कर दिया। सुधीर शर्मा का इलाज जारी है। वहीं, अन्य घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना की सूचना पर रामपुर कारखाना थाना पुलिस और क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









