सातवीं बार महिला टी20 विश्व चैंपियन बनी ऑस्ट्रेलिया: बेथ मूनी ने खेली दमदार पारी, फाइनल में इंग्लैंड को सात विकेट से हराया

महिला टी20 विश्व कप 2026 का खिताब एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया के नाम रहा। फाइनल मुकाबले में बेथ मूनी के शानदार अर्धशतक की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को सात विकेट से हराकर रिकॉर्ड सातवीं बार ट्रॉफी अपने नाम कर ली। महिला क्रिकेट में यह ऑस्ट्रेलिया का 14वां विश्व खिताब है। इससे पहले टीम सात बार वनडे विश्व कप भी जीत चुकी है। इंग्लैंड द्वारा दिए गए 151 रन के लक्ष्य को ऑस्ट्रेलिया ने 17.1 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया और एकतरफा अंदाज में खिताबी मुकाबला अपने नाम कर लिया।
अपने घरेलू मैदान पर खेल रही इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने सात रन के स्कोर पर एमी जोन्स का विकेट गंवा दिया। इसके बाद कप्तान नट साइवर-ब्रंट और डैनी वायट-हॉज ने पारी संभालने की कोशिश की। लेकिन रन गति अपेक्षाकृत धीमी रही। वायट-हॉज आठ रन बनाकर आउट हुईं। हालांकि, इस विश्व कप में उन्होंने 300 रन पूरे करते हुए एक संस्करण में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज बनने का रिकॉर्ड अपने नाम किया।
ब्रंट और कैम्प ने संभाली पारी
एक छोर से लगातार विकेट गिरने के बावजूद कप्तान नट साइवर-ब्रंट क्रीज पर डटी रहीं। उन्होंने 53 गेंदों में नाबाद 58 रन बनाए, जिसमें पांच चौके शामिल रहे। वहीं, फ्रेया कैम्प ने अंतिम ओवरों में तेज बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंदों पर नाबाद 44 रन की उपयोगी पारी खेली। उनकी पारी में चार चौके और एक छक्का शामिल रहा। दोनों की साझेदारी की बदौलत इंग्लैंड ने निर्धारित 20 ओवर में 150 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से लुसी हैमिल्टन, किम गार्थ, सोफी मोलिन्यू और एनाबेल सदरलैंड ने एक-एक विकेट लिया।
मूनी और लिचफील्ड ने पलटा मुकाबला
151 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया को शुरुआत में ही जॉर्जिया वोल का विकेट गंवाना पड़ा। उन्हें लॉरेन बेल ने नौ रन पर आउट किया। इसके बाद बेथ मूनी और फीबी लिचफील्ड ने शानदार साझेदारी कर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। लिचफील्ड ने 35 गेंदों पर 48 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि मूनी ने 38 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
मूनी ने दिलाई आसान जीत
बेथ मूनी ने 49 गेंदों पर 64 रन की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें 10 चौके शामिल रहे। हालांकि वह जीत से पहले आउट हो गईं, लेकिन तब तक ऑस्ट्रेलिया जीत की दहलीज पर पहुंच चुका था। टीम ने 17.1 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर सात विकेट से मुकाबला जीत लिया। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने महिला टी20 विश्व कप में अपना दबदबा बरकरार रखते हुए रिकॉर्ड सातवीं बार ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।











