गोरखपुर में किशोरी से रेप का प्रयास: विरोध करने पर दांत से चेहरे पर काटा, छत के रास्ते घर में घुसा आरोपी

गोरखपुर के सहजनवा थाना क्षेत्र में एक बेहद संजीदा और खौफनाक मामला सामने आया है। जहां पड़ोस में ही रहने वाले एक सिरफिरे युवक ने सो रही 14 वर्षीय किशोरी के साथ रेप का प्रयास किया। आरोपी ने न केवल नाबालिग के कपड़े फाड़ दिए, बल्कि विरोध करने पर उसके चेहरे को अपने दांतों से बुरी तरह जख्मी कर दिया। पीड़िता के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। वारदात के बाद पीड़िता की मां ने सहजनवा पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़िता की मां द्वारा पुलिस को सौंपी गई तहरीर के मुताबिक, वह अपनी 14 वर्षीय बेटी के साथ रहती हैं और जब भी घर से बाहर जाती थीं, तो पड़ोस का यह युवक अक्सर उनकी बेटी को अकेला पाकर छेड़छाड़ और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। महिला का आरोप है कि उन्होंने इसकी शिकायत कई बार आरोपी के परिजनों से भी की थी, लेकिन युवक की आदतों और हरकतों में कोई सुधार नहीं आया और उसका दुस्साहस लगातार बढ़ता ही गया।
पीड़िता की मां ने दर्ज कराई शिकायत
शनिवार की देर रात लगभग 12 बजे जब किशोरी अपने कमरे में सो रही थी, तभी आरोपी छत के रास्ते चुपके से घर के भीतर दाखिल हो गया। उसने सो रही नाबालिग के साथ जबरदस्ती शुरू कर दी। आरोपी ने किशोरी के कपड़े फाड़ दिया और चेहरे पर दांत से काट कर जख्मी कर दिया। चीख-पुकार मचने के बाद आरोपी भाग निकला। इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष बलराम पांडेय ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी गई है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









