मीठा बन सकता है दिल का दुश्मन: ज्यादा चीनी खाने से बढ़ रहा हृदय रोगों का खतरा

हाई ब्लड प्रेशर और हृदय रोग का मुख्य कारण चीनी और नमक को माना जाता हैं। जो हर रोज किसी न किसी रूप में हमारी बॉडी में प्रवेश करती है और हमें बीमार बनाती हैं। कई अध्ययनों में पता चला है कि जिस तरह ज्यादा नमक हमारी शरीर के लिए नुकसानदायक है उसी प्रकार चीनी भी खतरनाक हैं। चाय में चीनी हो या फिर बिस्कुट, कोल्ड ड्रिंक्स हों या फिर आइसक्रीम, ये सारी चीजें धीरे-धीरे आपके दिल के लिए समस्याएं बढ़ाती जाती हैं और हमें इसका पता भी नहीं चलता।
अक्सर लोग सोचते हैं कि दिल की बीमारी केवल ज्यादा तेल, घी या कोलेस्ट्रॉल वाले भोजन से होती है। लेकिन कई अध्ययनों से साफ होता है कि ज्यादा चीनी भी हृदय रोग के जोखिम को बढ़ा सकती है। इससे हाई ब्लड प्रेशर, मोटापा, इंसुलिन रेजिस्टेंस, फैटी लिवर और बैड कोलेस्ट्रॉल जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ता है। ये सभी हार्ट के लिए खतरा साबित हो सकते हैं।
जरूरत से ज्यादा न करें चीनी का सेवन
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, अधिकतर लोगों को यह पता ही नहीं होता कि वे जरूरत से कहीं ज्यादा चीनी खा रहे हैं। कई बार मीठा स्वाद न होने वाले पैकेज्ड फूड्स, सॉस, ब्रेड और स्नैक्स में भी चीनी मौजूद होती है। ऐसे में व्यक्ति बिना जाने हर दिन तय सीमा से अधिक चीनी का सेवन कर लेता है।
ज्यादा चीनी बन सकता है फैट का कारण
चीनी असल में पाचन के बाद ग्लूकोज में बदलती है और शरीर को ऊर्जा देती है। लेकिन जब आप जरूरत से ज्यादा चीनी खाने लगते हैं तो अतिरिक्त ग्लूकोज और फ्रुक्टोज फैट में बदलकर शरीर में जमा होने लगता है। इससे वजन बढ़ता है और शरीर की इंसुलिन के प्रति संवेदनशीलता कम होने लगती है। यही बदलाव आगे चलकर हृदय और रक्त वाहिकाओं पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं।
हेल्दी दिखने वाले पैकेज्ड फूड्स है खतरनाक
चीनी सिर्फ चाय में मिलाकर पीने वाली नहीं है। कई चीजों में भी इसकी अधिकता होती है लेकिन हमें इसका पता नहीं होता। कोल्ड ड्रिंक्स, पैकेज्ड फ्रूट जूस, केक, पेस्ट्री, डोनट और मिठाइयों में जरूरत से ज्यादा चीनी की मात्रा होती है। कई हेल्दी दिखने वाले पैकेज्ड फूड्स में भी छिपी हुई चीनी होती है।
डॉक्टर की सलाह से करें फलों का सेवन
सामान्य तौर पर फलों में मौजूद प्राकृतिक शर्करा नुकसानदायक नहीं मानी जाती है। फलों में फाइबर, विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट भी होते हैं, जो चीनी के अवशोषण को धीमा करते हैं। समस्या मुख्य रूप से एडेड शुगर से होती है। डायबिटीज के मरीजों को फल भी संतुलित मात्रा में और डॉक्टर की सलाह के अनुसार खाने चाहिए।
सीमित मात्रा में करे करे चीनी का सेवन
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि एडेड शुगर की मात्रा सीमित रखनी चाहिए। सामान्य तौर पर महिलाओं के लिए लगभग 25 ग्राम (करीब 6 चम्मच) और पुरुषों के लिए लगभग 36 ग्राम (करीब 9 चम्मच) चीनी को सेफ माना जाता है। हालांकि पैक्ड चीजों और एक कोल्ड ड्रिंक्स में ही इतनी चीनी हो सकती है, इसलिए खान-पान का चुनाव सावधानी से किया जाना चाहिए।
हृदय को स्वस्थ रखने के लिए कम चीनी, नमक का उपयोग
हृदय को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित भोजन करें और नमक के साथ-साथ चीनी भी कम खाएं। नियमित व्यायाम करें, धूम्रपान से बचें, पर्याप्त नींद और तनाव कम करना भी आपके लिए जरूरी है। समय-समय पर ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर व कोलेस्ट्रॉल की जांच कराएं।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









