देवरिया में बोलेरो की टक्कर से छात्र की मौत: पिता के ठेले की ओर जा रहा था किशोर, मौके से चालक फरार

खुखुन्दू थाना क्षेत्र में सड़क पार कर रहे 13 वर्षीय छात्र की तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने उसकी पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और अज्ञात चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
मृतक की पहचान रायपुरवा मझगांवा गांव निवासी हरिओम गोंड के रूप में हुई है। वह खुखुन्दू थाना क्षेत्र के एक सरकारी विद्यालय में कक्षा सात का छात्र था। हरिओम अपने पिता बाबूलाल गोंड के साथ पुरैना चौराहे पर भुजा और नमकीन बेचने में भी हाथ बंटाता था। वह घर से पिता के ठेले की ओर जा रहा था। पुरैना चौराहे के पास देवरिया-सलेमपुर मुख्य मार्ग पार करते समय देवरिया की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
सीसीटीवी में कैद फुटेज
घटना की सूचना मिलते ही पीआरवी पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल छात्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में छात्र सड़क पार करता दिखाई दे रहा है। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो उसे टक्कर मारते हुए निकल जाती है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
हरिओम तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके दो छोटे जुड़वां भाई राम और श्याम हैं। जबकि दो बड़ी बहनें सविता और प्रेमलता हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां प्रमिला, पिता बाबूलाल और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। खुखुन्दू थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक राघवेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात बोलेरो की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। चालक की तलाश जारी है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









