ट्रेन में आरपीएफ हेड कांस्टेबल की मौत: छुट्टी लेकर घर लौट रहे थे जवान, गोरखपुर स्टेशन पहुंचने पर हुई जानकारी

गोरखपुर|1 घंटा पहले
छुट्टी लेकर घर लौट रहे थे जवान, गोरखपुर स्टेशन पहुंचने पर हुई जानकारी

रेलवे सुरक्षा बल में तैनात एक हेड कांस्टेबल की ट्रेन यात्रा के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिवार और विभागीय कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई। घटना उस समय सामने आई जब अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस बुधवार शाम गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन में सफर कर रहे आरपीएफ जवान की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद वह अचेत हो गए थे। स्टेशन पहुंचने पर जीआरपी ने बॉडी को ट्रेन से नीचे उतारकर कब्जे में लिया और परिजनों को सूचना दी। बाद में बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।

मृतक की पहचान देवरिया जिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के अर्जुनडीहा गांव निवासी तेज प्रताप सिंह के रूप में हुई है। वह रेलवे सुरक्षा बल में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग वाराणसी के मडुआडीह स्टेशन पर थी। जानकारी के अनुसार तेज प्रताप सिंह छुट्टी लेकर अपने घर लौट रहे थे और इसी सिलसिले में अहमदाबाद-गोरखपुर ट्रेन से सफर कर रहे थे। यात्रा के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और कुछ ही देर में वह अचेत हो गए। साथ यात्रा कर रहे सहयोगियों ने स्थिति गंभीर होते देख तत्काल रेलवे पुलिस और परिजनों को सूचना दी।

स्टेशन पहुंचते ही मचा हड़कंप

शाम करीब सवा छह बजे जैसे ही ट्रेन गोरखपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर छह पर पहुंची। वहां पहले से मौजूद जीआरपी और आरपीएफ की टीम सक्रिय हो गई। पुलिसकर्मियों ने तत्काल कोच में पहुंचकर जवान को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाद में बॉडी को जीआरपी थाने ले जाया गया। जहां परिजनों ने उनकी पहचान की। घटना के बाद रेलवे पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जीआरपी थाने के कार्यवाहक एसएसआई वीवी राजभर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला अचानक तबीयत बिगड़ने का प्रतीत हो रहा है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

परिवार में पसरा मातम

तेज प्रताप सिंह की असामयिक मौत की खबर मिलते ही उनके गांव अर्जुनडीहा में शोक का माहौल बन गया। परिवार के लोग बदहवास हालत में गोरखपुर पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों के अनुसार तेज प्रताप सिंह अपने व्यवहार और कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाते थे। वह लंबे समय से रेलवे सुरक्षा बल में सेवाएं दे रहे थे और परिवार की जिम्मेदारियां संभाल रहे थे। रेलवे विभाग के अधिकारियों और सहकर्मियों ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। विभागीय कर्मचारियों का कहना है कि तेज प्रताप सिंह एक जिम्मेदार और अनुशासित जवान थे। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

वेबसाइट पर ही पढ़ें