25 हजार का इनामी पशु तस्कर अरेस्ट: पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश का आरोप, सात साल से चल रहा था फरार

पुलिस को लंबे समय से फरार चल रहे एक इनामी पशु तस्कर को अरेस्ट करने में बड़ी सफलता मिली है। तिवारीपुर थाना पुलिस ने मंगलवार को घेराबंदी कर 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को दबोच लिया। आरोपी की पहचान कुशीनगर जिले के पडरौना थाना क्षेत्र स्थित शेखटोलिया बनवीरपुर निवासी छोटकल्ली उर्फ खुशबुद्दीन के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पिछले सात वर्षों से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। अरेस्ट के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की और फिर उसे अदालत में पेश किया गया। जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी वर्ष 2019 में दर्ज एक गंभीर मामले में वांछित था। बताया गया कि 30 जुलाई 2019 को तिवारीपुर थाना क्षेत्र में पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने गोवंश से लदी एक संदिग्ध पिकअप गाड़ी को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि पिकअप चला रहे छोटकल्ली उर्फ खुशबुद्दीन ने वाहन रोकने के बजाय पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश की और तेज रफ्तार में मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने पीछा भी किया, लेकिन आरोपी चकमा देकर भाग निकलने में सफल रहा।
गोवंश से लदी पिकअप लेकर फरार हुआ था आरोपी
घटना के बाद पुलिस ने पिकअप में गोवंश लादकर अवैध तस्करी करने और पुलिसकर्मियों की जान जोखिम में डालने के आरोप में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। जांच के दौरान आरोपी की पहचान छोटकल्ली उर्फ खुशबुद्दीन के रूप में हुई। पुलिस ने उसकी तलाश में कई जगह दबिश दी, लेकिन वह लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बचता रहा। बाद में उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
कई थानों में दर्ज हैं केस
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ गोरखपुर के तिवारीपुर, गोरखनाथ और शाहपुर थानों में कुल चार आपराधिक केस दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि छोटकल्ली लंबे समय से पशु तस्करी के अवैध कारोबार में सक्रिय था और गोवंश को विभिन्न इलाकों से पकड़कर बिहार ले जाकर बेचने का काम करता था। जांच एजेंसियां अब उसके नेटवर्क और गैंग से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हैं। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह का नेटवर्क किन जिलों तक फैला हुआ है और इसमें कितने लोग शामिल हैं।
पुलिस की कार्रवाई जारी
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि तिवारीपुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि इनामी आरोपी इलाके में मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने रणनीति बनाकर घेराबंदी की और आरोपी को अरेस्ट कर लिया। उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ पहले से कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं और उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पशु तस्करी और संगठित अपराध से जुड़े मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
वेबसाइट पर ही पढ़ें








