पावर ग्रिड में काम के दौरान युवक की संदिग्ध मौत: सीएचसी पर परिजनों का हंगामा, लापरवाही का लगाया आरोप

गीडा थाना क्षेत्र के सहजनवां स्थित पावर ग्रिड परिसर में कार्य के दौरान 20 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहजनवां में जमकर हंगामा किया। कार्यस्थल पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गया। मृतक की पहचान कोल्हुई गांव निवासी जीतू सहनी पुत्र अर्जुन सहनी के रूप में हुई है। युवक की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया है, जबकि गांव में भी शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि जीतू सहनी बुधवार को सहजनवा स्थित पावर ग्रिड में कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। हालांकि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। आक्रोशित परिजनों ने बॉडी को अस्पताल परिसर में रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई। जिसके चलते युवक की जान चली गई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सीएचसी परिसर में हंगामे की सूचना मिलते ही गीडा और सहजनवां थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। थाना प्रभारी अश्वनी कुमार पाण्डेय ने पुलिस बल के साथ हालात को संभाला और नाराज परिजनों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद परिजन पोस्टमॉर्टम कराने के लिए तैयार हुए। इसके बाद पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना के दौरान अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जमा रही और माहौल काफी तनावपूर्ण बना रहा। पुलिस ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट बनेगी जांच का आधार
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध नजर आ रहा है और मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। थाना प्रभारी अश्वनी कुमार पाण्डेय ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच करेगी और यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
वेबसाइट पर ही पढ़ें








