जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप में यूपी की दमदार एंट्री: बालक क्वाड्रुपल स्कल के फाइनल में बनाई जगह, फाइनल मुकाबलों को लेकर बढ़ा रोमांच

गोरखपुर|5 घंटे पहले
बालक क्वाड्रुपल स्कल के फाइनल में बनाई जगह, फाइनल मुकाबलों को लेकर बढ़ा रोमांच

रामगढ़ताल में आयोजित 46वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप में मेजबान उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बालक क्वाड्रुपल स्कल स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है। बुधवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में यूपी की टीम ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक रणनीति के दम पर दूसरा स्थान हासिल करते हुए निर्णायक मुकाबले में प्रवेश किया। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। रामगढ़ताल का माहौल पूरी तरह खेलमय बना रहा। आज होने वाले फाइनल मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।

बुधवार को चैंपियनशिप के तहत 17 रेपेचेज और 16 सेमीफाइनल सहित कुल 33 रेस आयोजित की गईं। सेमीफाइनल में शीर्ष दो स्थान प्राप्त करने वाली टीमों ने फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। बालक क्वाड्रुपल स्कल के पहले सेमीफाइनल में उत्तर प्रदेश के दीपक कुमार, यश कुमार यादव, हरिनाथ यादव और प्रवीण कुमार की टीम ने 06:30.8 मिनट का समय निकालते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। इस रेस में केरल की टीम ने 06:26.5 मिनट के समय के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में आर्मी बॉयज स्पोर्ट्स कंपनी और ओडिशा की टीमों ने फाइनल के लिए क्वालीफाई किया।

हरियाणा, मध्य प्रदेश और केरल का भी शानदार प्रदर्शन

चैंपियनशिप में हरियाणा, मध्य प्रदेश और आर्मी बॉयज स्पोर्ट्स कंपनी के खिलाड़ियों ने कई वर्गों में प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए चार-चार स्पर्धाओं के फाइनल में जगह बनाई। वहीं केरल और ओडिशा ने तीन-तीन वर्गों में अपना स्थान सुरक्षित किया। बालक सिंगल स्कल स्पर्धा में हरियाणा के सक्षम और मध्य प्रदेश के कार्तिक ने शानदार प्रदर्शन कर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि उत्तर प्रदेश के मोहन महेश तीसरे स्थान पर रहकर बाहर हो गए। दूसरे सेमीफाइनल में आसाम के फरहान अली और झारखंड के शुकलाल टूडू ने फाइनल का टिकट हासिल किया। बालिका वर्ग में भी खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। बालिका क्वाड्रुपल स्कल में केरल और पंजाब की टीमों ने पहले सेमीफाइनल से फाइनल में जगह बनाई, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में ओडिशा और आरएफआई हिमाचल की टीम सफल रही। बालिका डबल स्कल में मध्य प्रदेश, केरल, महाराष्ट्र और मणिपुर की टीमें फाइनल में पहुंचीं। इसके अलावा बालक काक्सलेस पेयर्स, डबल स्कल और काक्सलेस फोर्स जैसी स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया।

रेस के दौरान पलटी बोट

सिंगल स्कल के सेमीफाइनल मुकाबले में आर्मी बॉयज स्पोर्ट्स कंपनी के एक खिलाड़ी की बोट अचानक रामगढ़ताल में पलट गई। जिससे प्रतियोगिता के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रतिद्वंद्वी से आगे निकलने की कोशिश में संतुलन बिगड़ने के कारण यह घटना हुई। हालांकि मौके पर मौजूद रेस्क्यू टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए खिलाड़ी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन के सचिव सुधीर शर्मा ने बताया कि तेज प्रतिस्पर्धा के दौरान बोट पलटना सामान्य स्थिति मानी जाती है और खिलाड़ियों को इससे निपटने का विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है।

सीएम करेंगे सम्मानित

रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष बालाजी मरादप्पा ने बताया कि चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले आज सुबह 7:30 बजे से शुरू होंगे। वहीं समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह शाम पांच बजे आयोजित किया जाएगा। मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

वेबसाइट पर ही पढ़ें