गोरखपुर में कंबल फैक्ट्री में फायरिंग: चौकीदार के सीने में लगी गोली, मामले की जांच में जुटी पुलिस

खजनी थाना क्षेत्र में कंबल फैक्ट्री में तैनात चौकीदार के सीने में गोली लगने से हड़कंप मच गया। घायल युवक की पहचान शाहपुर थाना क्षेत्र के पादरी बाजार स्थित मानस विहार कॉलोनी निवासी रोहन सिंह के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में रोहन को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल गोली किन परिस्थितियों में लगी, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस लूट के इरादे से गोली मारे जाने की आशंका समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि रोहन सिंह खजनी क्षेत्र स्थित कंबल फैक्ट्री में चौकीदार के तौर पर काम करता है। अचानक उसके सीने में गोली लग गई। घटना की जानकारी होते ही फैक्ट्री परिसर में भगदड़ मच गई। वहां मौजूद लोगों ने घायल रोहन को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और मौके की स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस तलाश रही जवाब
पुलिस ने फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गोली किसी व्यक्ति ने मारी या किसी अन्य परिस्थिति में रोहन घायल हुआ। लूट के लिए वारदात किए जाने की चर्चा भी सामने आई है, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांच के दायरे में लाई जा सकती है।
घायल के बयान से खुलेगा घटनाक्रम
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना से जुड़े सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस फैक्ट्री में मौजूद लोगों से जानकारी जुटाने के साथ घटनास्थल की परिस्थितियों को भी खंगाल रही है। घायल चौकीदार का बयान सामने आने के बाद गोली लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।










