गोरखपुर में ऑटो में चेन चोरी का खेल: तीन महिला स्नेचर अरेस्ट, ध्यान भटकाकर उड़ाती थीं गहने

गोरखपुर|47 मिनट पहले
तीन महिला स्नेचर अरेस्ट, ध्यान भटकाकर उड़ाती थीं गहने

ऑटो-रिक्शा के अंदर महिला यात्री को घेरकर चेन चोरी करने वाली तीन महिलाओं को कैंट पुलिस ने अरेस्ट किया है। तीनों ने दाउदपुर की एक महिला को अपना निशाना बनाया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिलाओं ने पहले पीड़िता को बातचीत में उलझाया और फिर अलग-अलग तरीके से उसका ध्यान भटकाकर गले से चेन उतार ली। महिला के शोर मचाने पर पुलिस और आसपास के लोगों ने पीछा कर तीनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान चोरी की गई चेन भी बरामद कर ली गई।

कैंट थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह के मुताबिक, दाउदपुर निवासी महिला इलाज कराने के बाद ऑटो से जा रही थी। ऑटो में तीन महिलाएं पहले से बैठी थीं। इनमें एक महिला की गोद में छोटा बच्चा था। आरोप है कि तीनों ने तबीयत खराब होने की बात कहकर पीड़िता को अपने बीच बैठा लिया। इसके बाद बच्चा गोद में लिए महिला ने पीड़िता को चिकोटी काटकर उसका ध्यान भटकाया। वहीं, दूसरी महिला ने उसके पैर को अपने पैर से दबाना शुरू कर दिया। दोनों ओर बैठी महिलाएं उसे बार-बार धक्का देती रहीं।

ऑटो रुकते ही गायब मिली चेन

दाउदपुर चौराहे पर पहुंचने के बाद तीनों महिलाओं ने एक साथ ऑटो रुकवाया। ऑटो से उतरने के दौरान पीड़िता ने गले पर हाथ लगाया तो उसकी चेन गायब थी। उसने शोर मचाया तो आसपास मौजूद लोगों और पुलिस ने तीनों महिलाओं को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर पीड़िता की चेन उनके पास से बरामद हो गई।

आजमगढ़ में भी दर्ज हैं केस

पुलिस ने गिरफ्तार महिलाओं की पहचान बड़हलगंज थाना क्षेत्र के लखनापार निवासी सोनी देवी, गुड्डी देवी और रेशमी के रूप में की है। तीनों शादीशुदा हैं। पुलिस उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार, गुड्डी देवी के खिलाफ आजमगढ़ के फूलपुर थाने में पहले से दो एफआईआर दर्ज हैं। पीड़िता के बेटे की तहरीर पर कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कर तीनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। बरामद चेन पुलिस ने कब्जे में ले ली है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।